Breaking
Wed. Feb 11th, 2026

केरल में BJP के टिकट से पंचायत चुनाव लड़ रहीं ‘सोनिया गांधी’, क्यों हो रही चर्चा? कब हैं चुनाव…जानें

  • केरल में पंचायत चुनाव होने वाले हैं, इडुक्की जिले के मुन्‍नार में इस बार भाजपा के टिकट से सोनिया गांधी चुनाव लड़ेंगी, घबराइए नहीं, ये कांग्रेस नेता नहीं हैं, जानिए कौन हैं ये और क्यों हो रही है चर्चा?

केरल में स्थानीय निकाय चुनाव होने वाले हैं और इस बीच इडुक्की जिले के मुन्‍नार पंचायत चुनाव में एक नाम ऐसा है जो सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहा है और वो नाम है भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ रहीं सोनिया गांधी का। सोनिया गांधीा का नाम सुनते ही चौंक गए ना…आपके मन में आ रहा होगा कि जरूर कुछ गलती हुई है सुनने में। लेकिन इस बस  संयोग कह सकते हैं कि स्थानीय राजनीति में सोनिया गांधी का नाम एकदम असली है और इनके नाम और पार्टी बीजेपी, इसे लेकर मुन्नार पंचायत चुनाव का मुकाबला सबसे दिलचस्प बन गया है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम वाली इस उम्मीदवार की कहानी भी काफी दिलचस्प है। भाजपा उम्मीदवार इस सोनिया गांधी का जन्म एक ऐसे घर में हुआ है, जहां कांग्रेस की मजबूत राजनीतिक विरासत मौजूद थी लेकिन आज वे उसी पार्टी की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ रही हैं। उनका नाम और उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि ही मतदाताओं के बीच भारी चर्चा का कारण बनी हुई है।

सोनिया गांधी के पिता कांग्रेस नेता थे

इडुक्की जिले के मुन्‍नार पंचायत की सोनिया गांधी के पिता दिवंगत दुरे राज कांग्रेस के वरिष्ठ स्थानीय नेता थे और नल्लथानी कल्लार क्षेत्र में पार्टी के सक्रिय चेहरा भी रहे थे। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के प्रति सम्मान के कारण ही उन्होंने अपनी नवजात बेटी का नाम सोनिया गांधी रखा था। लेकिन कहते हैं ना, जीवन की राहें ऐसी होती हैं कब क्या होगा कुछ कहा नहीं जा सकता। जीवन के साथ राजनीति जुड़ी हो तो कब ये पूरा समीकरण बदल देती है पता नहीं चलता। 

सोनिया कैसे बन गईं भाजपा की

सोनिया गांधी शादी के बाद भाजपा की हो गईं। उनके पति सुभाष एक सक्रिय भाजपा कार्यकर्ता हैं और इस समय पंचायत के जनरल सेक्रेटरी के पद पर भी हैं। पति के राजनीतिक रुख और परिवारिक माहौल ने धीरे-धीरे सोनिया को भी भाजपा से जोड़ दिया, और अब वे भाजपा के टिकट से पंचायत चुनाव लड़ रही हैं, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी मंजुला रमेश के साथ है। अब अपने नाम के कारण उन्हें मुश्किल हो सकती है, क्योंकि सोनिया गांधी देखकर वोटर भी असमंजस में पड़ सकते हैं और मतपत्र पर सोनिया गांधी (भाजपा) लिखा होगा। 

केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के बारे में जानें

  • 2025 के स्थानीय निकाय चुनाव दो चरणों में 9 और 11 दिसंबर को होंगे, जबकि काउंटिंग 13 दिसंबर को होगी। 
  • पहले चरण में तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानमथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, अलप्पुझा और एर्नाकुलम जिले शामिल हैं।
     
  • दूसरे चरण में त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड़ में मतदान होगा।
     
  • सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक लोग वोट डालेंगे।
     
  • ट्रेंड 2025 पोर्टल के जरिए रियल-टाइम रिजल्ट जारी किए जाएंगे।
     
  • कुल 1,199 उम्मीदवार स्थानीय निकाय चुनाव लड़ेंगे, इनमें ग्राम पंचायत, ब्लॉक पंचायत, जिला पंचायत, नगर पालिका और नगर निगम शामिल हैं। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *