- प्रियंका गांधी ने नितिन गडकरी से कहा, सर मैं जून महीने से आपसे मिलने का समय मांग रही हूं, कृपया समय दीजिए
लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बीच रोचक सवाल-जवाब हुआ। इस दौरान प्रियंका गांधी ने नितिन गडकरी को पिछले कुछ महीनों से ‘अपॉइंटमेंट’ (मुलाकात के लिए समय) की मांग किए जाने के बारे में याद दिलाया, जिस पर मंत्री ने कहा कि वह कभी भी मिल सकती हैं, क्योंकि उनका दरवाजा हमेशा खुला रहता है।
केरल के वायनाड से लोकसभा सांसद प्रियंका ने चंडीगढ़-शिमला हाईवे से संबंधित पूरक प्रश्न पूछते हुए इस बात का उल्लेख किया कि वह जून महीने से अपने क्षेत्र के मुद्दों को लेकर नितिन गडकरी से मिलने का समय मांग रही हैं। प्रियंका ने कहा, ‘‘सर मैं जून महीने से आपसे मिलने का समय मांग रही हूं, कृपया समय दीजिए। ताकि मैं अपने लोकसभा क्षेत्र के बारे में बात कर सकूं।’’ इस पर गडकरी ने हंसते हुए कहा, ‘‘आप प्रश्नकाल के बाद आ जाइए। आप कभी भी आ जाइए, दरवाजा हमेशा खुला रहता है। अपॉइंटमेंट की जरूरत नहीं है।’’ इसपर प्रियंका गांधी ने हाथ जोड़कर गडकरी का अभिवादन किया।
‘राजमार्ग निर्माण की गति बढ़ाकर 60 किमी प्रतिदिन करना सरकार का लक्ष्य ‘
इससे पहले बुधवार को गडकरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश में राजमार्ग निर्माण की गति को बढ़ाकर 60 किलोमीटर प्रतिदिन करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र की प्रमुख भारतमाला परियोजना के तहत फिलहाल कोई नई परियोजना शुरू नहीं होने के कारण देश में राजमार्ग निर्माण की रफ्तार धीमी हो गई है। हमारा लक्ष्य देश में राजमार्ग निर्माण की गति को 60 किलोमीटर प्रतिदिन तक तेज करना है।”
मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य अगले 8 से 10 सालों में भारत के वाहन उद्योग को दुनिया में शीर्ष स्थान पर लाना है। इस समय अमेरिका के वाहन उद्योग का आकार 78 लाख करोड़ रुपये है, इसके बाद चीन (47 लाख करोड़ रुपये) और भारत (22 लाख करोड़ रुपये) का स्थान है।

