- भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर विरोध जताया, इसके बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासतम में ले लिया
नई दिल्ली : एआई इंपैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शर्ट उतारकर विरोध जताया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए। बीजेपी ने इसे शर्मनाक बताया है। बीजेपीने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस शर्मनाक प्रदर्शन कर रही है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता जो टी-शर्ट पहनकर गए थे, उसमें पीएम मोदी की फोटो बनी हुई थी।
प्रदर्शन की फोटो और वीडियो शेयर करते हुए यूथ कांग्रेस के एक्स हैंडल से लिखा गया, “जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो तो साफ है। पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड हैं। इसी सच्चाई को बेनकाब करने भारतीय युवा कांग्रेस के जाबांज कार्यकर्ता एआई समिट पहुंचे और कंप्रोमाइज्ड पीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं! इंकलाब जिंदाबाद।”
दिल्ली पुलिस लेगी एक्शन
दिल्ली पुलिस का कहना है कि वह इंडियन यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के संबंध में कानूनी कार्रवाई कर रही है। पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। वे जांच कर रहे हैं कि वे पास के जरिए अंदर आए थे या क्यूआर कोड से अंदर आए थे। वहीं, बीजेपी ने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को धूमिल करने वाला काम है। कांग्रेस को ऐसा करने पर शर्म आनी चाहिए।
भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अप्रैल में लागू होने की संभावना
कॉमर्स और इंडस्ट्री मिनिस्टर पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच एक अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट मार्च में साइन होने और अप्रैल में लागू होने की संभावना है। उन्होंने यह भी कहा कि यूके और ओमान के साथ भारत के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अप्रैल में लागू होने की संभावना है। न्यूजीलैंड के साथ, यह समझौता सितंबर में लागू होने की उम्मीद है। अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के लिए लीगल टेक्स्ट को फाइनल करने के लिए भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों के बीच तीन दिन की मीटिंग 23 फरवरी को अमेरिका में शुरू होगी। इस महीने की शुरुआत में, भारत और अमेरिका ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी करके घोषणा की थी कि अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के लिए एक फ्रेमवर्क फाइनल हो गया है।

