- जज ने कहा- तेजाब का हमला भविष्य-सपनों को भी जलाता
अजमेर : चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर एक साल पहले मां-बेटी पर तेजाब से हमला करने वाले आरोपी को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई। तेजाब के हमले से 12 साल की बच्ची की आंखों की रोशनी चली गई थी। कोर्ट ने आरोपी पर 2 लाख का जुर्माना भी लगाया है।
मामले में बुधवार को अजमेर की महिला उत्पीड़न कोर्ट में सुनवाई हुई। जज उत्तमा माथुर ने टिप्पणी करते हुए कहा- तेजाब का हमला शरीर को ही नहीं जलाता, पीड़ित के भविष्य, सपनों और परिवार को भी जला देता है।

सरकारी एडवोकेट नरेश कुमार धूत ने बताया- तेजाब फेंकने के कारण 12 साल की बच्ची की दोनों आंखों की रोशनी चली गई थी।
अपर लोक अभियोजक नरेश कुमार धूत ने बताया- मध्य प्रदेश की रहने वाली एक महिला अपनी 12 साल की बेटी और परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर थी। 25 अप्रैल 2025 को अजमेर से चित्तौड़गढ़ पहुंचकर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 पर सभी रुके हुए थे। अगले दिन 26 अप्रैल की सुबह मां-बेटी टॉयलेट के लिए प्लेटफार्म नंबर-एक से आगे लगभग 200 मीटर दूर पटरी के पास झाड़ियों में टॉयलेट करने गए थे।
चेहरे पर तेज फेंकने से नाबालिग के आंखों की रोशनी गई
सरकारी वकील नरेश कुमार धूत ने बताया- नाबालिग बच्ची टॉयलेट कर रही थी। इसी बीच आरोपी मोहम्मद इस्माइल वहां पहुंच गया। बच्ची की ओर आरोपी बढ़ने लगा तो उसने उसे रोका और विरोध किया। तभी आरोपी ने बोतल में रखा तेजाब निकालकर नाबालिग के चेहरे पर फेंक दिया। तभी बच्ची की मां पकड़ने के लिए भागी तो उस पर भी तेजाब फेंककर बस स्टैंड की ओर भाग गया। तेजाब के कारण 12 साल की नाबालिग की दोनों आंखों की रोशनी चली गई। दोनों मां-बेटी को चित्तौड़गढ़ के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
मामले में जीआरपी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। सीसीटीवी चेक करते हुए आरोपी की पहचान कर पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले आरोपी मोहम्मद इस्माइल पुत्र मोहम्मद हारुन को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस के द्वारा कोर्ट में चालान पेश किया गया था। इसके बाद कोर्ट में ट्रायल शुरू हुई थी।

वारदात के बाद 26 अप्रैल 2025 को आरोपी पैदल जाते हुए।

कोर्ट में सजा सुनाने के बाद दोषी को ले जाते हुए पुलिस।
आरोपी को आजीवन कारावास की हुई सजा
सरकारी वकील नरेश कुमार ने बताया- अजमेर की महिला उत्पीड़न कोर्ट में बुधवार को सुनवाई हुई। अभियोजन पक्ष की ओर से 17 गवाह और 57 दस्तावेज पेश किए गए थे। इस पर न्यायाधीश उत्तमा माथुर ने आरोपी मोहम्मद इस्माइल पुत्र मोहम्मद हारुन को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। आरोपी पर 2 लाख का अर्थदंड भी लगाया है। इसके साथ कोर्ट ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चित्तौड़गढ़ को पीड़ित पक्ष को एक-एक लाख रुपए आर्थिक सहायता देने की अनुशंसा की।
सुप्रीम कोर्ट के केस का दिया हवाला
जज उत्तमा माथुर ने सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के एक केस का हवाला दिया। इसमें बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने “लक्ष्मी बनाम भारत संघ” [(2014) 4 SCC 427] के मामले में कहा है कि तेजाब का हमला शरीर को ही नहीं, बल्कि पीड़ित के भविष्य, सपनों और पूरे परिवार को जला देता है। यह एक ऐसा घाव है, जो उम्रभर पीड़ित को अंदर ही अंदर मारता रहता है। यदि ऐसे विकृत मानसिकता वाले अपराधियों को शरीर के जलने वाले भाग के कम प्रतिशत होने के तकनीकी आधार पर दंडादेश में कोई भी छूट दी जाती है तो इससे समाज में अपराधियों के हौसले बढ़ेंगे और आम लोगों, स्त्रियों, बच्चियों की सुरक्षा खतरे में पड़ जाएगी।
इसके अलावा मामले में घटना की डिजिटल रिकॉर्डिंग (पेन ड्राइव) के माध्यम से कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की गई है, जिनके साथ धारा 63(4) भारतीय साक्ष्य अधिनियम का सर्टिफिकेट संलग्न है। साथ ही पीड़िता के कपड़ों और घटनास्थल पर मिली बोतल से हाइड्रोक्लोरिक एसिड मिलने की पुष्टि एफएसएल रिपोर्ट से भी हुई है। अभियुक्त के किए अपराध की प्रमाणिकता सिद्ध हो चुकी है।
कोर्ट ने लिखा- ऐसे मामलों के तथ्यों व परिस्थितियों में सभी पीड़िताओं के भविष्य पर पड़ने वाले विपरीत प्रभाव एवं आरोपी के अपराध की गंभीर प्रकृति देखते हुए उसे दंडित किया जाता है।

