Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

कांग्रेस जीती तो कौन होगा सीएम? तेलंगाना मीडिया के सामने गहलोत ने किया ‘खुलासा’!

जयपुर : राजस्थान विधानसभा चुनाव परिणाम से पहले सीएम अशोक गहलोत का बड़ा बयान सामने आया है। तेलंगाना में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस कांफ्रेंस में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी मुझे नहीं छोड़ती और आगे भी नहीं छोड़ेगी। वहीं सीएम गहलोत ने राजस्थान में चुनावी परिपाटी बदलते हुए एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में रिवाज बदलने जा रहा है और 3 दिसंबर को परिणाम से भी यह स्पष्ट हो जाएगा।

इससे पहले सोमवार को तेलंगाना जाने से पहले भी जयपुर एयरपोर्ट पर सीएम गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि राजस्थान के लोगों ने बंपर वोटिंग की है। यहां कोई एंटी इनकम्बेंसी नहीं हैं। महिलाओं, पुरुषों और कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों पर मतदान किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री की भाषा सही नहीं थी।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हैदराबाद स्थित तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि राज्य में बीआरएस और बीजेपी, दोनों पार्टियां मिली हुई हैं। उन्होंने कहा कि एक समय था जब सोनिया गांधी ने बड़ा निर्णय करके तेलंगाना का अलग राज्य बनाने का फैसला लिया था। अगर यहां कांग्रेस की सरकार बनी अहोती तो तेलंगाना आज न जाने कहां का कहां पहुंच गया होता।

सीएम गहलोत ने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान समेत सभी पांचों राज्यों में कांग्रेस पार्टी की जीत होगी। उन्होंने कहा कि तेलंगाना और अन्य चुनावी राज्यों में कांग्रेस ने जो गारंटी दी हैं, वो बेहद शानदार हैं। गहलोत ने सांसद राहुल गांधी का ज़िक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने कहा है कि सिर्फ वादे मत करो, और करो तो उसे निभाओ भी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *