Breaking
Mon. Feb 16th, 2026

राजस्थान से कश्मीर और हिमाचल तक, इन राज्यों में बारिश के आसार, IMD ने जारी किया अलर्ट

  • मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के अलावा राजस्थान के कुछ जिलों में भी बारिश हो सकती है

दैनिक उजाला, डेस्क : भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। आईएमडी ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से, 17 और 18 फरवरी 2026 को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में छिटपुट वर्षा/बर्फबारी और उत्तर-पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में छिटपुट वर्षा हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी है, लेकिन अब इसका असर राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है।

आईएमडी ने कहा कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण 17 और 18 फरवरी को राजस्थान में कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। हिमाचल और राजस्थान में बारिश का असर यूपी और दिल्ली एनसीआर में भी देखने को मिल सकता है। यहां दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है, लेकिन बर्फबारी के बाद ठंडी हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है।

मौसम विभाग के अपडेट

  • उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 3 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है।
  • पश्चिमी भारत में अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होगा और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ सकता है।
  • देश के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है।   
  • महाराष्ट्र में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा और उसके बाद इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।
  • कोंकण गोवा और कर्नाटक के तटीय इलाकों में अगले तीन दिनों तक उमस भरी गर्मी रह सकती है। वहीं, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में हल्की धुंध के आसार

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है। विभाग ने सोमवार को हल्की धुंध होने का अनुमान जताया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 28 डिग्री और 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। 

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *