Breaking
Sat. Apr 4th, 2026

राहुल गांधी ने लिया सत्यपाल मलिक का इंटरव्यू, अडानी और पुलवामा पर पूछे सवाल

नई दिल्ली : जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से बातचीत में कहा कि मोदी सरकार ने पुलवामा हमले का राजनीतिक इस्तेमाल किया। सत्यपाल मलिक ने कहा कि जिस दिन ये हुआ उस दिन पीएम मोदी नेशनल कार्बेट में शूटिंग कर रहे थे।

कांग्रेस ने ये वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया है। पुलवामा हमले पर बात करते हुए जम्मू कश्मीर के पूर्व राज्यपाल ने कहा, “मैं ये तो नहीं कहूंगा कि इन्होंने कराया, लेकिन मैं ये जरूर कहूंगा कि इन्होंने उसे इग्नोर किया और उसका राजनीतिक इस्तेमाल किया। इनके बयान हैं कि जब वोट देने जाओ, तो पुलवामा की शहादत याद रखना।”

राहुल से बातचीत में सत्यपाल मलिक ने कहा, “सीआरपीएफ ने गृह मंत्रालय से 5 एयरक्राफ्ट मांगे थे। चार महीने तक आवेदन गृह मंत्रालय के पास रही। बाद में उन्होंने खारिज कर दिया। ये चार महीने तक लटकाए रहे। अगर मेरे पास आती, तो मैं कुछ करता। ये इनपुट था कि अटैक हो सकता है।”

राहुल गांधी के साथ बातचीत में सत्यपाल मलिक मोदी सरकार पर हमलावर रहे। उन्होंने कहा, “ये किसी भी चीज का इवेंट बना देते हैं। फिर अपने पक्ष में फायदा उठाते हैं। महिला आरक्षण बिल का भी यही किया। महिलाओं को कुछ मिलना नहीं है, लेकिन इस तरह से दिखा दिया कि न जाने कितना बड़ा काम करा दिया। संसद की नई इमारत की कोई जरूरत नहीं थी। लेकिन इन्हें (पीएम मोदी) को अपना पत्थर लगाना था कि इन्होंने बनवाई है। वो पुरानी इमारत तो अभी भी कई साल तक चलती।”

हिंदुत्व के मुद्दे पर सत्यपाल मलिक ने कहा, “मेरा ये सोचना है कि हिंदुस्तान देश के तौर पर तभी सर्वाइव करेगा, जब लिबरल हिंदुज्म के रास्ते पर चलेगा। ये गांधी का विजन था। वे गांव गांव गए थे। तब इस विजन पर पहुंचे थे। अगर इसी विचारधारा पर देश चलेगा, तभी चल पाएगा, नहीं तो टुकड़े हो जाएगा। हमें मिल-जुल कर बिना लड़ाई झगड़े के रहना होगा।”

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *