Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

IND vs ENG: टीम इंडिया का इतना बुरा हाल, 10 साल पहले आखिरी बार देखने को मिला था

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे चौथे टेस्ट में इंग्लैंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन भारतीय टीम की पहली पारी 358 रन पर समाप्त हो गई थी। इसके जवाब में इंग्लैंड ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट पर 544 रन स्कोरबोर्ड पर लगा दिए। मेजबान टीम अब भारत पर 186 रन की बढ़त हासिल कर चुकी है और उनके पास अभी तीन विकेट बाकी हैं।

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने तीसरे दिन अपनी बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए 150 रनों की लाजवाब पारी खेली। उन्होंने न सिर्फ टीम को संकट से उबारा बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। रूट ने अपनी इस पारी के दौरान 14 चौके लगाए और दो महत्वपूर्ण साझेदारियां निभाईं। ओली पोप के साथ तीसरे विकेट के लिए 144 रन और बेन स्टोक्स के साथ चौथे विकेट के लिए 142 रन जोड़े।

रूट ने हासिल किया ऐतिहासिक मुकाम

रूट ने जैसे ही 120 रन पूरे किए, वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज रिकी पोंटिंग (13378 रन) को पीछे छोड़कर टेस्ट क्रिकेट में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। रूट ने 13409 रन टेस्ट में अब तक बना लिए हैं। अब उनसे आगे केवल भारत के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ही हैं। सचिन तेंदुलकर के नाम टेस्ट में सबसे ज्यादा 15921 रन दर्ज हैं। रूट अब सचिन से सिर्फ 2512 रन पीछे हैं। जहां इंग्लिश बल्लेबाजों ने रनों की बारिश की, वहीं भारतीय गेंदबाज तीसरे दिन पूरी तरह से फीके नजर आए। बेन डकेट और जैक क्रॉली भले ही अपने शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद रूट और स्टोक्स ने भारतीय गेंदबाजों की एक नहीं चलने दी। इस तरह भारतीय गेंदबाजों के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया। 

भारत के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज

दरअसल, पिछले 10 सालों में विदेशी जमीन पर यह पहली बार है जब किसी टीम ने भारत के खिलाफ टेस्ट की एक पारी में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले जनवरी 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी टेस्ट में 572/7 रन बनाकर पारी घोषित की थी, जिसमें डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ के शतक शामिल थे। उस मैच के बाद यह पहली बार है जब विदेशी सरजमीं पर किसी टीम ने भारत के खिलाफ 500+ रन का आंकड़ा पार किया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *