Breaking
Thu. Feb 26th, 2026

भारत सेमीफाइनल से एक जीत दूर:जिम्बाब्वे को 72 रन से हराया, अभिषेक-पंड्या ने फिफ्टी लगाई; साउथ अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंचा

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टीम ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 में मिली पिछली हार को भुलाते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मुकाबले को 72 रनों से अपने नाम करने के साथ नेट रनरेट में भी भारी सुधार किया है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर 256 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। इस टारगेट का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 184 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी और उन्हें इस बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ जहां जिम्बाब्वे अब सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस से बाहर हो गई है, तो वहीं टीम इंडिया को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए अब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मुकाबले में जीत हासिल करनी होगी, जो एक मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा।।

अर्शदीप सिंह ने गेंद से दिखाया कमाल

जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में भारतीय टीम की तरफ से गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह का कमाल देखने को मिला। इस मैच में जिम्बाब्वे की तरफ से ओपनिंग में उतरी ब्रायन बेनेट और मरुमानी की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी की। इस जोड़ी को अक्षर पटेल ने पारी के 7वें ओवर में तोड़ा जब उन्होंने मरुमानी को 20 के निजी स्कोर पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे डिओन मेयर्स बल्ले से कोई खास कमाल दिखाने में कामयाब नहीं हो सके और सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा के बीच में तीसरे विकेट के लिए 72 रनों की साझेदारी तो देखने को मिली लेकिन तब तक उनकी हार लगभग तय हो गई थी।

सिकंदर रजा के बल्ले से इस मैच में 31 रनों की पारी देखने को मिली तो वहीं ब्रायन बेनेट जो अंत तक नाबाद रहे और उन्होंने 97 रनों की पारी खेली। टीम इंडिया की तरफ से इस मैच में अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए तो वहीं वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और शिवम दुबे 1-1 विकेट लेने में कामयाब रहे।

अभिषेक और हार्दिक के बल्ले से देखने को मिली अर्धशतकीय पारी

टीम इंडिया की तरफ से इस मुकाबले में उस तरह का बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला जिसकी उम्मीद उनसे पहले मुकाबले से की जा रही है। अभिषेक शर्मा जो पिछले चार मैचों में कुछ खास नहीं कर सके थे, उनके बल्ले से इस मैच में 30 गेंदों में 55 रनों की शानदार पारी देखने को मिली। इसके अलावा स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पांड्या ने फिनिशर की भूमिका को काफी बखूबी अदा करते हुए 23 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली, वहीं तिलक वर्मा के बल्ले से भी 16 गेंदों में 44 रनों की पारी देखने को मिली।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *