दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : दुबई में रविवार को एशिया कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा कर नौवीं बार एशिया कप का खिताब जीत लिया है।
भारत की जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- ऑपरेशन सिंदूर खेल के मैदान पर जारी।
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने PM मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ANI से कहा- ‘अच्छा लगता है जब देश का लीडर फ्रंट फुट पर बल्लेबाजी करता है। यह ऐसा है जैसे वह खुद स्ट्राइक लेकर रन बना रहे हैं। यह देखकर बहुत अच्छा लगा और जब सर सामने खड़े हों तो निश्चित रूप से खिलाड़ी खुलकर खेलेंगे।’

पाकिस्तानी बोर्ड चीफ भारतीय टीम की ट्रॉफी अपने साथ ले गए
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी विजेता टीम को अवॉर्ड देने पहुंचे, लेकिन भारतीय टीम ने उनसे अवॉर्ड लेने से इनकार कर दिया। अवॉर्ड सेरेमनी के प्रेजेंटर साइमन डूल ने बताया कि भारतीय टीम अवॉर्ड्स नहीं लेगी।
इस बीच मंच पर मौजूद दुबई स्पोर्ट्स सिटी के खालिद अल जरूनी से ट्रॉफी लेने की बात हुई, लेकिन नकवी मंच से हटने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद कार्यक्रम खत्म कर दिया गया और नकवी मंच से उतरे। वे ट्रॉफी और मेडल्स भी अपने साथ ले गए।
नकवी पाकिस्तान के गृहमंत्री हैं, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष भी हैं। भारत ने ऐसा 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में किया। टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ भी नहीं मिलाया था।

PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी (बाएं से तीसरे) इस बात पे अड़े थे कि वही चैंपियन टीम को ट्रॉफी देंगे। भारतीय टीम ने इनकार किया तो वे ट्रॉफी लेकर चले गए।
भारतीय टीम ने ट्रॉफी के बिना ही जीत का जश्न मनाया
भारतीय टीम को जब ट्रॉफी नहीं दी गई, तो कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साथी खिलाड़ियों के सामने खाली हाथ ही ऐसा जेस्चर बनाया मानो वे ट्रॉफी लेकर आ रहे हों। बाकी खिलाड़ियों ने भी इसे ही असली ट्रॉफी मानकर सेलिब्रेट किया।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ऐसा जेस्चर बनाया मानो वे ट्रॉफी लेकर आ रहे हों।

भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही एशिया कप में जीत का जश्न मनाया।
भारत और पाकिस्तान की टीम अलग-अलग खड़ी रही
न्यूज एजेसी PTI के अनुसार नकवी जैसे ही प्रेजेंटेशन स्टेज पर आए स्टैंड में बैठे भारतीय प्रशंसकों ने भारत माता की जय के नारे लगाने शुरू कर दिए। इधर, भारतीय टीम अवॉर्ड लेने नहीं गई, तो करीब एक घंटे तक स्टेज पर कन्फ्यूजन बना रहा। जहां भारतीय खिलाड़ी ग्राउंड पर बैठे थे, तो वहीं पाकिस्तानी टीम अलग-थलग खड़ी हुई थी।

प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान, जब नकवी ट्रॉफी देने के लिए अड़े रहे, तब भारतीय खिलाड़ी ग्राउंड में मौज मस्ती करते नजर आए।

पाकिस्तान टीम सेरेमनी के दौरान एक तरफ खड़ी रही।
भारतीय कप्तान बोले- ऐसा पहली बार देखा
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से ट्रॉफी के बारे में सवाल पूछा गया। सूर्या ने कहा- ‘जब मैं क्रिकेट खेल रहा हूं, तब से पहली बार देखा कि चैंपियन टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई। हमने बहुत मेहनत करके यह टूर्नामेंट जीता है। खैर कोई बात नहीं। भारतीय ड्रेसिंग रूम में अपने सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ होना ही मेरे लिए ट्रॉफी है।’

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (दाएं) और ओपनर अभिषेक शर्मा।
पाकिस्तानी कप्तान ने कहा-भारतीय टीम क्रिकेट का अनादर कर रही
मैच के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने भारतीय टीम पर क्रिकेट का अनादर करने का आरोप लगाया। आगा ने कहा- हमसे हाथ न मिलाकर वे हमारा अपमान नहीं कर रहे, वे क्रिकेट का अपमान कर रहे हैं। उनका व्यवहार बहुत ही गलत था।

