Breaking
Thu. Feb 12th, 2026

एशियन चैंपियन बनते ही कप्तान सूर्यकुमार ने जीता दिल, सेना और पहलगाम पीड़ितों को दान की मैच फीस

  • सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया फाइनल में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीतने में सफल रही

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दुबई में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप 2025 का खिताब जीतने के बाद दिल छू लेने वाला ऐलान किया। उन्होंने कहा कि वह टूर्नामेंट से मिली अपनी पूरी मैच फीस भारतीय सेना और पहलगाम पीड़ितों के परिवारों को दान करेंगे। सूर्या ने सोशल मीडिया पर लिखा – इस टूर्नामेंट की अपनी मैच फीस हमारे सशस्त्र बलों और पहलगाम आतंकी हमले में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए दान करने का फैसला किया है। आप हमेशा मेरी यादों में रहेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हर भारतीय खिलाड़ी को एक T20 मैच के लिए 4 लाख रुपये फीस मिलती है। सूर्या ने सातों मैच खेले, यानी वह कुल 28 लाख रुपये दान करेंगे।

फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से मात दी। यह टूर्नामेंट में पड़ोसी देश के खिलाफ भारत की लगातार तीसरी जीत रही। तिलक वर्मा ने शानदार अर्धशतक जड़ा, जबकि संजू सैमसन और शिवम दुबे ने अहम योगदान दिया। इसी के दम पर भारत ने दूसरा T20 एशिया कप और कुल मिलाकर 9वां एशिया कप खिताब जीता।

एशियन चैंपियन बनने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए भी सूर्यकुमार ने अपने सभी 7 मैचों की मैच फीस सेना को दान करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि थोड़ा लेट हो गया। आप लोगों ने पूछा नहीं लेकिन वह निजी तौर पर अपने सभी एशिया कप के मैचों की मैच फीस भारतीय सेना को डोनेट कर रहे हैं। 

ट्रॉफी लेने से टीम इंडिया का इनकार

फाइनल में जीत के बाद भी विवाद जारी रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) प्रमुख और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) चेयरमैन मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। टीम तैयार थी कि ट्रॉफी उन्हें एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड के वाइस चेयरमैन खालिद अल जरूनी दें, लेकिन नकवी इसके लिए राजी नहीं हुए। लंबा इंतजार करने के बाद आयोजकों ने ट्रॉफी को मंच से हटा दिया। इसके बाद खबर आई कि नकवी एशिया कप ट्रॉफी और मेडल अपने साथ होटल लेकर चले गए। 

विवादों में रहा पूरा टूर्नामेंट

इससे पहले पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन करीब एक घंटे से ज्यादा देर तक लटका रहा और फिर अचानक खत्म कर दिया गया। लाइव प्रसारण के दौरान कमेंटेटर साइमन डूल ने कहा कि एसीसी की ओर से उन्हें जानकारी दी गई है कि भारतीय टीम आज अपनी ट्रॉफी और अवॉर्ड्स नहीं लेगी। इसी के साथ पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन यहीं समाप्त होता है। इससे पहले भी टूर्नामेंट के दो मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था, जिस पर पाकिस्तान ने ICC से शिकायत की थी और पाक खिलाड़ियों ने उकसाने वाले इशारे किए थे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *