Breaking
Fri. Feb 13th, 2026

पति की मौत की खबर मिलते ही पछाड़ खाकर गिरी पत्नी और चली गई जान, ‘साथ जीएंगे-साथ मरेंगे’…वादा किया पूरा

एटा : उत्तर प्रदेश के एटा जिले में पति की मौत के बाद पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। पति का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। पति की मौत की खबर जब मिली तो पत्नी ये सदमा बर्दाश्त न कर सकी। बताया गया है कि दंपती ने जब विवाह के फेरे लिए थे, उसी समय कहा था कि अब साथ जीएंगे और साथ ही मरेंगे। दोनों ने इस वचन को पूरी जिंदगी निभाया और अंतिम यात्रा पर भी एक संग निकल पड़े।

विकास खंड अलीगंज के श्याम नगर गांव के निवासी ओमनारायण की सोमवार को अचानक तबियत बिगड़ गई थी। बीमार होने के बाद वह चिकित्सक से दवा लेकर घर वापस आ गए, लेकिन आराम नहीं मिला। इसके बाद वे फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में अपनी पत्नी मोहिनी और परिजनों के साथ उपचार लेने गए। दवा लेकर वापस लौटते वक्त ओमनारायण की मौत हो गई। पति की मौत की खबर लगते ही पत्नी पछाड़ खाकर गिर गई। और उसने भी दम तोड़ दिया।

पति और पत्नी की मौत के बाद गांव में गम का माहौल है। हर कोई दोनों के प्यार और रिश्ते को लेकर आपस में चर्चा कर रहा है। गांव के प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया की करीब 17 वर्ष पूर्व ओमनारायण का विवाह फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के पास रहने बाली मोहिनी से हुआ था। दोनों का वैवाहिक जीवन बेहतर गुजर रहा था। मोहिनी के दो बेटे हैं पवन और अतुल। पवन की उम्र 15 वर्ष और अतुल की उम्र 12 वर्ष है। ओमनारायण गांव में ही मिट्टी बर्तनों को बनाने का काम करता था। इससे ही उसके परिवार का भरण पोषण चल रहा था।
परिजनों ने बताया की जब उन दोनों ने विवाह के दौरान फेरे लिए थे, उसी समय कहा था कि अब साथ जीएंगे और साथ ही मरेंगे। दोनों ने इस वचन को पूरी जिंदगी निभाया और अंतिम यात्रा पर भी एक संग निकल पड़े।

ओमनारायण के छोटे भाई जसराम ने बताया की वह भी अपने भाई के साथ फर्रुखाबाद गया था। परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। दवा लेकर वापस लौट रहे थे तभी भाई ओमनारायण की बीच रास्ते में मौत हो गई। भाई की मौत के बाद चीत्कार मच गया। भाभी मोहिनी भी बेसुध होकर पछाड़ खाकर गिर गई । हालात बिगड़ती देख उन्हें भी डॉक्टर के पास ले गए परंतु चिकित्सक ने मोहिनी भाभी को देखा और उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

देवर जसराम ने बताया की भाई की मौत के बाद भाभी भी यही बोलती रही की मुझे भी अपने पति के साथ जाना है। ये कहते-कहते भाभी ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद परिवार के लोग मोहिनी के शव को भी गांव ले आए। घर के आंगन में पति और पत्नी के शव जब एकसाथ रखे गए, तो लोग खुद के आंसू नहीं रोक पाए। वहीं एक संग दो मौत होने से परिवार के लोगों में कोहराम मचा हुआ है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *