- आज रामलला की प्रतिष्ठा द्वादशी धूमधाम से मनाई जा रही है, दो वर्ष पूर्व आज ही के दिन ही रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी
अयोध्या : अयोध्या में आज रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ मनाई जा रही है। इसके लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी रामनगरी में हैं। सबसे पहले दोनों हनुमानगढ़ी पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद दोनों ने राम मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। आरती के बाद राजनाथ ने रामलला को दंडवत प्रणाम किया।
इस दौरान मंदिर परिसर में ‘सीता राम, सीता राम’ के भजन गूंजते रहे। इससे पहले राजनाथ और योगी ने हनुमानगढ़ी में मंदिर की एक परिक्रमा की। राजनाथ ने महंत प्रेम दास के पैर छुए और पास में रखे आसान पर बैठे। इस दौरान योगी भी उनके पास ही नजर आए।
अब राजनाथ राम मंदिर परिसर के परकोटा स्थित माता अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वज फहराएंगे। यह ऐतिहासिक क्षण होगा, क्योंकि परकोटा के मंदिरों में यह पहला अवसर होगा, जब धर्म ध्वज फहराई जाएगी। रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री राम मंदिर परिसर के अंगद टीला भी जाएंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे और जनसभा को संबोधित भी करेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की और हनुमान जी की आरती की।

राजनाथ ने हनुमान गढ़ी के महंत प्रेम दास के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

राजनाथ और सीएम योगी ने हनुमान मंदिर की परिक्रमा की।

श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा
प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश-विदेश से आए भक्त लंबी कतारों में लगकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर रहे हैं। जय श्रीराम के उद्घोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अयोध्या पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया।
प्रतिष्ठा द्वादशी पर आस्था में डूबी रामनगरी

उल्लास में डूबी रामनगरी – प्रतिष्ठा द्वादशी की दूसरी वर्षगांठ पर अयोध्या में आस्था का विभिन्न रंग देखने को मिल रहा है। सुबह से ही जय श्री राम की जयघोष के साथ श्रद्धालु राममंदिर में दर्शन कर रहे हैं। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत ना हो इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

