लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश सरकार की नौ वर्ष की उपलब्धियों के संकलन ‘नवनिर्माण के नौ वर्ष’ पुस्तक का बुधवार को लोक भवन में विमोचन किया। इस पुस्तक में वर्ष 2017 से 2026 तक की योगी आदित्यनाथ सरकार की उपलब्धियों का संकलन है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर समारोह में पधारें लोगों को संबोधित किया और अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ भविष्य की योजनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि हम उत्तर प्रदेश में बेहतर सुरक्षा का माहौल देने में सफल रहे हैं। हम इसको लगातार मजबूत करने में लगे हैं। जिसके कारण की सर्वांगीण विकास हो रहा है।
2017 से पहले सरकारी भर्तियां न के बराबर होती थीं, लेकिन हमने नौ वर्ष में नौ लाख से अधिक सरकारी भर्तियां कीं। इनमें भी दो लाख नौ हजार भर्तियां पुलिस में की गईं हैं। इन भर्तियों से हमने उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में युवाओं का पलायन रोकने में सफल रहे हैं।
प्रदेश सरकार ने बुधवार को योगी आदित्यनाथ सरकार के विकास एवं सतत समृद्धि के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। योगी आदित्यनाथ ने पहली बार 19 मार्च 2017 को मुख्यमंत्री की शपथ ली थी। इसके बाद 25 मार्च 2022 को उन्होंने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसी लिहाज से योगी आदित्यनाथ सरकार के बुधवार को नौ वर्ष पूरे हो गये।

