मथुरा : मथुरा के इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को एक फैक्ट्री में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थी। आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की विभीषिका को देखते हुए मौके पर दमकल की 4 गाड़ियों को बुलाया गया है।

जोर-जोर से धुंआ उठने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम।

आग लगने के कारण उठता धुआं।

फैक्ट्री के बाहर से पानी की पाइप के जरिए आग बुझाते लोग।
मैटल की है फैक्ट्री
थाना हाईवे क्षेत्र में स्थित गोकुल रेस्टोरेंट के समीप मेटल की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में शुक्रवार को गौर केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया में उस समय हड़कंप मच गया जब यहां स्थित शिवांगी मेटल्स की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। यह आग इतनी जबरदस्त थी कि इसकी लपटें और घना काला धुआं कई फीट ऊंचा उठता दिखाई दिया। फैक्ट्री में आग लगने के बाद इसमें कार्यरत कर्मचारियों को तुरंत तेजी से बाहर निकाला गया और साथ ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को भी सूचना दी गई।
दमकल पहुंची मौके पर
आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम के आने से पहले ही आसपास के लोगों ने सुरक्षा के मद्देनजर दोनों तरफ से रास्तों को रोक दिया और अपने स्तर पर ही आग बुझाने की कोशिश करने लगे। सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड की 4 से अधिक गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं।

आग पर काबू पाते दमकल कर्मी।
नेशनल हाईवे पर गोकुल रेस्टोरेंट क्रॉसिंग के पास गौर केंद्र इंडस्ट्रियल एरिया स्थित है। इसी औद्योगिक क्षेत्र में शिवांगी मेटल्स की फैक्ट्री भी है। इसमें स्क्रैप मेटल का कारोबार होता है। फैक्ट्री में बड़ी संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। शुक्रवार सुबह भी फैक्ट्री में नियमित रूप से काम शुरू हुआ लेकिन उसके बाद अचानक आग लग गई।
फिलहाल फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आग लगने की वजह क्या रही और इससे कितना नुकसान हुआ।

