प्रयागराज : प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज हादसे के बाद दूसरे दिन यानी मंगलवार को भी रेस्क्यू चल रहा है। जेसीबी-बुलडोजर से मलबा हटाया जा रहा है। अब तक 4 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। 17 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इससे पहले, फाफामऊ में आदर्श कोल्ड स्टोरेज नाम की बिल्डिंग सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे धमाके के बाद ढह गई थी। इसके मालिक सपा नेता और पूर्व मंत्री अंसार अहमद उर्फ पहलवान हैं। पुलिस ने उनके 2 भतीजों समेत 4 को हिरासत में ले लिया है। फाफामऊ थाने में सपा नेता और उनके बेटे समेत 12 लोगों पर FIR दर्ज हुई है। इसमें 7 नामजद और 5 अज्ञात हैं।
मौके पर दैनिक भास्कर ने कई चश्मदीदों से बात की। लोगों का कहना है कि धमाका ऐसा था कि मानो बम फटा हो। सबकुछ इतनी जल्दी हुआ कि किसी को कुछ समझ ही नहीं आया। हर तरफ धूल ही धूल छा गई। अगर लंच टाइम नहीं होता, तो मरने वालों की संख्या बहुत ज्यादा हो सकती थी।

फोटो मंगलवार सुबह की है। मलबे को हटाया जा रहा है। लोगों का दावा है कि नीचे और लोग भी दबे हो सकते हैं।

कोल्ड स्टोरेज में पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। जेसीबी से मलबा हटाया गया।
लंच टाइम होने से बच गई कई की जान
23 मार्च को कोल्ड स्टोरेज में करीब 110 लोग काम पर रहे थे। हादसे के बाद चमश्दीद भी सदमे में हैं। लोगों का कहना है कि कोल्ड स्टोरेज में लंच टाइम था। यहां दो शिफ्ट में लंच होता है। पहला- दोपहर एक से दो बजे तक, दूसरा- दो से तीन बजे तक।
काम करने वाले मजदूर लंच के दौरान खाना खाकर बाहर निकल जाते हैं। किसी को बीडी-सिगरेट पीनी होती है, तो कोई सुर्ती या फिर चाय के चक्कर में बाहर घूमता है। इनके अलावा खाना खाने के बाद कुछ लोग वहीं लेटकर कुछ देर आराम भी करते हैं। इन्हीं लेटे-बैठे लोगों पर मलबा गिरा।

हादसे में एक बच्चा घायल हो गया। पुलिसवाले उसे गोद में उठाकर एम्बुलेंस तक ले गए। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

हादसे क बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई थी। लोग घायलों उठाकर एम्बुलेंस की तरफ भागते दिखाई दे रहे थे।
लंच का टाइम न होता, तो बहुत लोग मरते
कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले इंदल का कहना है कि वहां करीब 110 लोग काम कर रहे थे। लंच हुआ तो बहुत से मजदूर इधर-उधर हो गए। तेज आवाज आई और फिर जैसे ही छत गिरी, अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोग तो जान बचाकर भागने में सफल रहे। लेकिन, कई बदनसीब मलबे के नीचे ही दब गए। लंच का टाइम न होता तो बहुत लोग मरते।
जिंदगी के लिए जूझ रहा 3 साल का कार्तिक
कोल्ड स्टोरेज में हादसे में 3 साल का कार्तिक उर्फ गुड्डू भी गंभीर रूप से जख्मी हुआ है। शहर के स्वरूपरानी नेहरू अस्तपाल (SRN) में उसका इलाज चल रहा है। कार्तिक प्रतापगढ़ के बाबागंज के रहने वाले संजय कुमार का बेटा है। उसकी मां रंजना कोल्ड स्टोरेज में कपड़े धोने का काम करती है।
इस दौरान कार्तिक कोल्ड स्टोरेज में खेल रहा था। सब कुछ अचानक हो गया। विस्फोट के बाद धुआं भरा और दीवार छत ढह गई। मां दौड़ी और बच्चे को मलबे के बीच से लेकर बाहर भागी। रंजना के पति की भी मौत हो चुकी है।

तस्वीर कार्तिक उर्फ गुड्डू की है। बच्चे का स्वरूपरानी नेहरू अस्तपाल में इलाज चल रहा है।
27 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में 3 बिल्डिंग
अंसार अहमद की आदर्श कोल्ड स्टोरेज नाम से यह बिल्डिंग फाफामऊ इलाके में है। 27 साल पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में 3 बिल्डिंग हैं। करीब 10 हजार स्क्वायर फीट की एक बिल्डिंग ढही है। पीएम मोदी और सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है।

