- यूपी के सहारनपुर जिले में फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है, जानकारी के मुताबिक, फौजी छुट्टी लेकर हत्या के केस में गवाही देने आया था
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में अपराध की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक फौजी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक, मृतक फौजी छुट्टी लेकर हत्या के एक मामले में कोर्ट में गवाही देने के लिए आया था। जानकारी के मुताबिक, फौजी के सिर और सीने में गाली मारी गई है। पुलिस ने इस पूरी वारदात को लेकर अपनी जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आइए जानते हैं इस पूरे मामले के बारे में।
हत्या की ये वारदात सहारनपुर के थाना रामपुर मनिहारन के अंतर्गत मुड़ीखेड़ी गांव से सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, हत्या के एक मामले में गवाही देने आए एक फौजी 27 वर्षीय विक्रांत गुर्जन जो कि जम्मू में तैनात था, उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रात को टहलने निकला था फौजी
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतक फौजी विक्रांत गुर्जन चार दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। विक्रांत बुधवार की रात को भोजन करने के बाद बाहर टहलने निकला था। वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद आया। इसके बाद अगले दिन गुरुवार को गांव के चकरोड पर खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने सड़क के किनारे विक्रांत का शव देखा। उन्होंने इसकी सूचना परिजनों को दी।
चचेरे भाई की हत्या का मुख्य गवाह था मृतक
पुलिस के मुताबिक, मृतक फौजी विक्रांत के सिर और सीने में गोली लगी हुई थी। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने बताया है कि उसके चचेरे भाई की 4 साल पहले चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस मुकदमे में विक्रांत मुख्य गवाह था।

विक्रांत की हत्या के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चचेरे भाई की हत्या के मुख्य गवाह थे विक्रांत
पुलिस को परिजनों ने बताया- विक्रांत के चचेरे भाई रजत की चार साल पहले चाकू मारकर हत्या हुई थी। विक्रांत हत्या के मुख्य गवाह थे। दो दिन पहले यानी 8 अप्रैल को कोर्ट में विक्रांत की गवाही हो गई थी। वह इस केस में आखिरी गवाह थे। इसलिए जम्मू से छुट्टी लेकर आए थे।
विक्रांत के पिता का नाम राजेंद्र है। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार में मां, छोटा भाई और दो बहन हैं। अभी किसी की भी शादी नहीं हुई है। भाई हर्ष ने बताया कि रिश्तेदारी में एक सदस्य की कुछ दिन पहले हार्टअटैक से मौत हुई थी। जिसकी गुरुवार को तेरहवीं होनी थी।
गांव छावनी में तब्दील
विक्रांत की हत्या के बाद गांव में तनाव है। पुलिस ने गांव में फोर्स तैनात कर दी है। जिस परिवार पर विक्रांत के भाई की हत्या का आरोप था, वह घर छोड़कर भाग गए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या क्यों हुई। किसने की। अभी यह स्पष्ट नहीं है। परिवार से पूछताछ हो रही है। जांच की जा रही है।

घर से करीब 300 मीटर कर दूरी पर विक्रांत का शव पड़ा मिला।