उत्तर प्रदेश : यूपी में एक बार फिर मौसम ने पलटी मारी है। अयोध्या-लखनऊ समेत 9 शहरों में बुधवार को बारिश हुई है। लखनऊ-कन्नौज में रातभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे सड़कों पर पानी भर गया। संभल में कक्षा 8 तक और सिद्धार्थनगर में कक्षा 12 तक के स्कूल आज बंद कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने 29 जिलों में आज ओले और बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 20-30 की स्पीड में हवाएं चलेंगी। बारिश से पारा 3-4 डिग्री तक गिर सकता है। प्रदेश में बलिया सबसे ठंडा जिला रहा। यहां तापमान 6.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मंगलवार की बात करें तो 15 जिलों में बारिश हुई। कल देर शाम 8 जिलों में ओले भी गिरे। इसमें मुरादाबाद, आगरा, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत, हाथरस, सहारनपुर और अमरोहा हैं। नोएडा में सबसे ज्यादा आधे घंटे तक ओले गिरे।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

उत्तर भारत में इस समय पश्चिमी हवाओं का असर बना है। हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में हवा का चक्र सक्रिय है। ऊंचाई पर तेज पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी चल रही है। 30 जनवरी की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव डाल सकता है, जिससे आगे मौसम और बिगड़ेगा। बारिश की संभावना बनी हुई है।

अयोध्या में बुधवार सुबह बारिश हुई। इससे ठंड फिर से बढ़ गई।

हाथरस में तेज बारिश हुई है। ठंडी हवाएं चल रही हैं। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ में 12 घंटे से रुक-रुककर बारिश हो रही है। सड़कों के गड्ढों में पानी भर गया।
- लखनऊ में मौसम बदल गया। नए साल में पहली बार इतनी तेज बारिश हुई है। मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक जारी है। आसमान में बादल छाए हैं। सुबह तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि नमी का स्तर लगभग 98 प्रतिशत तक पहुंच गया। 11 किलोमीटर की स्पीड से तेज हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने दिन में भी हल्की बारिश की संभावना जताई है।
- अयोध्या में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई। इससे ठंड फिर से बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है।
- कानपुर में देर रात हुई बारिश के बाद मौसम बदल गया। सुबह मौसम साफ है, लेकिन सर्द हवाएं से गलन बरकरार हैं। दोपहर तक बारिश की संभावना जताई जा रही है। न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है।

लखनऊ में सुबह से घने बादल छाए हैं। 11 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से हवाएं चल रही हैं।
शहरों की बात
मिर्जापुर में हल्की बारिश हुई है। जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव ने बताया कि बेमौसम हो रही बारिश किसानों के लिए लाभकारी है। इससे फसलों की फलियां अच्छी तरह बढ़ेंगी। दानों का आकार बड़ा होने से उपज भी बेहतर होगी।
गोंडा में देर रात से मौसम बदला हुआ है। हल्की हवा के साथ रुक-रुक कर बारिश हो रही है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। ठंड बढ़ गई है। लगातार हो रही बूंदाबांदी से गेहूं की फसल को फायदा हुआ है। किसानों का कहना है कि अब खेतों में सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे पानी और खर्च दोनों की बचत होगी।
हाथरस में बुधवार सुबह तेज बारिश हुई है। अब ठंडी हवाएं चल रही हैं। आज का अधिकतम तापमान 19 और न्यूनतम 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
बदायूं में रातभर रुक-रुककर बारिश हुई। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दिन में अधिकतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।
हरदोई में मंगलवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। शीतलहर के बीच हुई इस बारिश से गेहूं, सरसों, मसूर, चना और मटर जैसी रबी फसलों को काफी फायदा हुआ है।
कन्नौज में पूरी रात बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
दिन का पारा 2 से 4 डिग्री तक बढ़ा
पिछले 24 घंटे में दिन का तापमान बढ़ा है। खासकर मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के इलाकों में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज हुई। सबसे ज्यादा तापमान अयोध्या में 26 डिग्री रहा। रात के तापमान में गोरखपुर मंडल के जिलों में अच्छी-खासी गिरावट आई, जबकि आगरा और कानपुर मंडल में रातें अपेक्षाकृत गर्म रहीं।
अगले 3 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम
- 29 जनवरी : हल्की बारिश हो सकती है। बादल छाए रहेंगे। तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
- 30 जनवरी: कुछ जिलों में कोहरा और 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा
- 31 जनवरी: कहीं-कहीं तेज हवाएं भी चलने की संभावना है। मौसम शुष्क रहेगा।

