उत्तर प्रदेश : यूपी में नए साल की शुरुआत भयंकर ठंड के साथ हुई। पहाड़ों पर बर्फबारी से पहली बार सीजन में रात के वक्त न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश का तापमान शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों से भी कम रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार की बात करें तो प्रदेश बाराबंकी में सबसे ठंडा रहा, यहां न्यूनतम तापमान 3°C रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद गोरखपुर में पारा 4.4°C, हरदोई में 4.5°C, अयोध्या 5°C और सुल्तानपुर में 5.2°C रिकॉर्ड किया गया। राजधानी लखनऊ में पारा 7°C तक पहुंच गया। हालांकि, आज सुबह से यहां अच्छी धूप खिली है।
इस बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के मेरठ-गाजियाबाद और नोएडा समेत 14 जिलों में आज बारिश की संभावना जताई है। पूरे प्रदेश में अगले सात दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। इस दौरान सुबह और रात के समय विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है। लोगों को सतर्क रहने और जरूरी न होने पर यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
इससे पहले नए साल की पहली सुबह प्रयागराज, काशी, झांसी, नोएडा, गाजियाबाद समेत 35 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कई जगह विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर के बीच रिकॉर्ड की गई। कोहरे के चलते लखनऊ, गोरखपुर समेत तमाम शहरों में 100 से ज्यादा ट्रेनें लेट हैं। 10 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हैं, जबकि कई देरी से उड़ान भर रही हैं।
इस बीच प्रदेश में आज स्कूलों की छुट्टियां खत्म हो रही हैं। सीएम योगी ने 29 दिसंबर को छुट्टी का ऐलान किया था। कल से सभी माध्यमिक स्कूल बदले हुए समय के साथ सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक खुलेंगे। इसके अलावा प्राथमिक स्कूलों में 14 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है।
इससे पहले साल के आखिरी दिन यानी बुधवार को भी कड़ाके की ठंड रही। सुबह से लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, कानपुर, गोरखपुर समेत 50 से ज्यादा जिले कोहरे की चपेट में रहे। कोहरे और धुंध के बीच साल का आखिरी सूर्यास्त देखा गया। यूपी में कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-

पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण प्रदेश में सर्दी में कमी के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों में रात के साथ ही दिन में भी ठंड और बढ़ेगी।।

गाजीपुर में सुबह कड़ाके की ठंड और ठिठुरन के बीच लोग अलाव तापते नजर आए। सर्द हवाओं ने गलन भी बढ़ा दी है।

आगरा में शीतलहर जारी है और घना कोहरा छाया हुआ है। तस्वीर में कोहरे के बीच छिपा ताजमहल दिखाई दे रहा है।

प्रयागराज में नए साल 2026 के पहले दिन कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र स्नान किया।

अयोध्या में नए साल 2026 का पहला सूर्योदय देखा गया। इस दौरान कड़ाके की ठंड रिकॉर्ड की गई।

गाजीपुर में गुरुवार की सुबह कड़ाके की ठंड के साथ हुई। इस दौरान भेड़ बकरियां दुबकी हुई नजर आईं।

यह तस्वीर लखनऊ जू की है। यहां ठंड के चलते भालू धूप सेंकता दिखा।

