नई दिल्ली : दक्षिण पश्चिम मानसून वापसी में विकराल रूप दिखा रहा है। ओडिशा में तेज बारिश और वज्रपात से 12 लोगों की मौत हो गई है। कई जिलों में हुए वज्रपात में करीब 14 लोग घायल भी हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने अगले चार दिनों में राज्य के कई हिस्सों में अत्याधिक बारिश की संभावना जताई है। भुवनेश्वर और कटक में 12 और 95.8 मिलीमीटर बारिश हुई। कई तटीय शहरों में भी वज्रपात के साथ बारिश हुई है।
ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण OSDMA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा-‘3 सितंबर को दोपहर सवा तीन बजे तक राज्य में बादल से बादल बिजली गिरने की 1976 और बादल से जमीन पर बिजली गिरने की 1264 घटनाएं दर्ज की गईं’ इससे पहले 2 सितंबर की शाम 5 बजे तक राज्य में बादल से बादल बिजली गिरने की 36,597 और बादल से जमीन पर बिजली गिरने की 25,753 घटनाएं दर्ज की गईं थी’
IMD ने बताया है कि इस समय बंगाल की खाड़ी के पूर्वोत्तर क्षेत्र में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके साथ ही एक और चक्रवात उत्तर में बन रहा है। इसके कारण ओडिशा सहित आसापास के कई राज्यों में अगले 48 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ अगले चार दिनों में इस चक्रवात और निम्न दबाव के कारण कई जगह तेज बारिश होगी।

