नई दिल्ली : दुश्मनी लाख सही खत्म न कीजे रिश्ता, दिल मिले या न मिले हाथ मिलाते रहिए। मशहूर शाइर निदा फ़ाज़ली के इस शेर की तरह भारत के साथ कड़वाहट भरे रिश्तों के लिए जाने जाने वाले मालदीव (Maldives) के राष्ट्रपति मुइज्जू को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने शपथग्रहण समारोह में शिरकत करने के लिए आमंत्रित कर दोस्ती का हाथ बढ़ाया है। मुइज्जू के स्वागत में नई दिल्ली में होर्डिंग भी लगाए गए हैं । मोदी की ओर से उन्हें आमंत्रित करना और मोहम्मद मुइज्जू (Mohamed Muizzu) का यह आमंत्रण स्वीकार करना और भारत सरकार की ओर से उनके स्वागत की जोरशोर से तैयारियां करने को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रविवार को नई दिल्ली में आयोज्य शपथग्रहण समारोह में शिरकत करने वाले सभी दक्षिण एशियाई नेताओं का गर्मजोशी से शानदार स्वागत करने की तैयारियां की गईं है। पीएम मोदी रविवार को रिकॉर्ड तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेंगे और इस समारोह में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू सहित कई राष्ट्राध्यक्ष शामिल होंगे।
भारतीय सशस्त्र बलों ने मालदीव छोड़ दिया
ध्यान रहे कि पिछले साल नवंबर में मुइज्जू के सत्ता संभालने के बाद से भारत और मालदीव के बीच रिश्ते खराब हो गए हैं। अपने चुनाव अभियान के दौरान, उन्होंने अक्सर भारत की आलोचना की और भारतीय सैना की पूर्ण वापसी की भी मांग की थी। सभी भारतीय सशस्त्र बलों ने देश छोड़ दिया है और अब उनकी जगह नागरिकों ने ले ली है।

