- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक माह में तीसरी बार वेनेजुएला की नौका पर हमला कराया है
वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर सेना ने वेनेजुएला की एक नौका को फिर निशाना बनाया है। इन नौका पर 2 मिसाइलों से हमला किया गया, जिसमें कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने मादक पदार्थों की कथित तस्करी में इस्तेमाल की जा रही नौका पर हमला करके उसे तबाह कर दिया है। इस हमले का एक वीडियो भी सामने आया है।
ट्रंप ने इस हमले का एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें एक जहाज तेज रफ्तार से आगे बढ़ता दिख रहा है तभी दो मिसाइल उसे निशाना बनाती हैं, जिसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हो जाता है। इससे पहले ट्रंप ने सोमवार को बताया था कि अमेरिकी सेना ने कथित तौर पर वेनेजुएला से मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही एक नौका पर हमला किया है, जिसमें तीन लोग मारे गए। इससे पहले दो सितंबर को भी ऐसी ही कार्रवाई के तहत एक स्पीड बोट को निशाना बनाया गया था, जिसमें 11 लोग मारे गए थे। ट्रंप ने दावा किया था कि नौका का संचालन ‘ट्रेन डे अरागुआ गैंग’ कर रहा था, जिसे इस साल की शुरुआत में अमेरिका ने विदेशी आतंकवादी संगठन की सूची में डाला था।

