दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुक़ाबला खेला जा रहा है। विशाखापत्तनम के डॉ वाई एस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम 396 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए खब्बू सलामी बल्लेबाज यशस्वी जयसवाल ने बेहतरीन दोहरा शतक लगाया।
इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पहले दिन पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 336 रन बनाए। दूसरे दिन यशस्वी जयसवाल ने कठिन परिस्थितियों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक लगाया। लेकिन उनके आउट होने के बाद टीम पूरा एक सेशन भी नहीं टिक पाई और लांच से पहले ऑलआउट हो गई। यशस्वी ने 290 गेंद पर 19 चौके और 7 सिक्स की मदद से 209 रनों की पारी खेली। यह उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
उनके अलावा अन्य कोई भारतीय बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया। शुभमन गिल ने 34, रजत पटीदार ने 32, श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने 27-27 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए जेम्स एंडरसन, शोएब बशीर और रेहान अहमद ने तीन-तीन और टॉम हार्टले ने एक विकेट झटका।

