Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

भारत ने 106 रन से जीता विशाखापट्टनम टेस्ट:इंग्लैंड 292 पर सिमटा, अश्विन-बुमराह को 3 विकेट

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने विशाखापट्टनम टेस्ट 106 रन से जीत लिया है। सोमवार को डॉ वायएस राजशेखर स्टेडियम में इंग्लैंड दूसरी पारी में 292 रन ही बना सका। टीम को 399 रन का टारगेट मिला था। भारत से रविचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह ने 3-3 विकेट लिए। इसी के साथ अश्विन ने 499 टेस्ट विकेट पूरे कर लिए।

भारत के लिए पहली पारी में यशस्वी जायसवाल का दोहरा शतक टर्निंग पॉइंट रहा। उन्होंने 209 रन की पारी खेली और टीम को 396 के पार पहुंचाया। इंग्लैंड दोनों पारियों में 300 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। भारत से शुभमन गिल ने भी दूसरी पारी में शतक लगाया।

जसप्रीत बुमराह ने मैच में 9 विकेट लिए, उन्होंने पहली पारी में 6 विकेट लेकर इंग्लैंड को बैकफुट पर धकेला था। बुमराह ने ही दूसरी पारी में इंग्लैंड का 10वां विकेट लिया। दूसरे टेस्ट में जीत के साथ भारत ने 5 टेस्ट की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। पहला टेस्ट इंग्लैंड ने 28 रन से जीता था।

शुक्रवार को विशाखापट्टनम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग चुनी। पहली पारी में भारत ने 396 और इंग्लैंड ने 253 रन बनाए। दूसरी पारी में भारत ने 255 रन बनाए।

जसप्रीत बुमराह ने टॉम हार्टले को बोल्ड कर इंग्लैंड को ऑलआउट किया। हार्टले 47 बॉल में 36 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह ने दूसरी पारी में 3 विकेट लिए। उन्होंने जॉनी बेयरस्टो और बेन फोक्स के अहम विकेट भी लिए। बुमराह ने पहली पारी में 6 विकेट लिए थे।

मुकेश कुमार ने शोएब बशीर को कॉट बिहाइंड कराया। बशीर खाता खोले बगैर 8 गेंदें खेलकर आउट हुए। मुकेश ने भारत में पहला ही टेस्ट विकेट लिया। उन्हें पहली पारी में कोई सफलता नहीं मिली थी।

जसप्रीत बुमराह ने बेन फोक्स का विकेट लेकर इंग्लैंड को 8वां झटका दिया। बुमराह ने 65वें ओवर की आखिरी बॉल पर फोक्स को कॉट & बोल्ड किया। फोक्स 69 बॉल पर 36 रन बनाकर आउट हुए। बुमराह ने इससे पहले जॉनी बेयरस्टो को भी LBW किया था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *