नई दिल्ली : 14 फरवरी के ही दिन भारत में कुछ ऐसा हुआ था जिसे एक काले दिन के रूप में याद रखा जाता है। 14 फरवरी 2019 को पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था, जिसे आज 5 साल पूरे हो गए हैं। आज से 5 साल पहले दोपहर करीब 3 बजे जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकी ने श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे पर अवंतीपोरा के पास गोरीपोरा में सीआरपीएफ (CPRF) के काफिले में विस्फोटक पदार्थ लेकर जा रहे एक ट्रक को कार से टक्कर मार दी थी। पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के इस आतंकी ने आत्मघाती हमला करते हुए सीआरपीएफ के काफिले को निशाना बनाया था और इस हमले में सीआरपीएफ के करीब 40 जवान शहीद हो गए थे और 35 घायल हो गए थे।
पुलवामा आतंकी हमले की दुनियाभर में निंदा हुई थी। पुलवामा हमले में शहीद हुए सभी जवानों के शरीर को तिरंगे में लपेटकर दिल्ली के पालम में लाया गया था। यहाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने पुलवामा हमले में मारे गए शहीदों को श्रद्धांजलि दी थी।
पुलवामा हमले के बाद 17 फरवरी को पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा था, “इस आतंकी हमले की वजह से जितनी आग देश की जनता के दिलों में है उतनी ही आग मेरे दिल में भी है। आतंकियों ने ऐसा करके बहुत बड़ी गलती की है। और उनकी इस नापाक हरकत का बदला ज़रूर लिया जाएगा। सभी के आंसुओं का बदला लिया जाएगा।”

