Breaking
Tue. Mar 31st, 2026

चौथे चरण के मतदान के लिए थम गया प्रचार- प्रसार, 13 मई को यूपी की 13 सीटों पर वोटिंग

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण की मतदान के लिए उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर 11 मई (शनिवार) की शाम को प्रचार- प्रसार थम गया। इन सीटों पर 13 मई (सोमवार) को वोटिंग होगी। ये सीटें हैं- शाहजहांपुर सु., खीरी, धौरहरा, सीतापुर, हरदोई सु., मिश्रिख सु., उन्नाव, फर्रुखाबाद, इटावा सु., कन्नौज, कानपुर, अकबरपुर, बहराइच सु.। इनमें से चार सीटें सुरक्षित हैं। 2019 लोकसभा चुनाव में इन सभी 13 सीटों पर भाजपा जीती थी।

मौजूदा मोदी सरकार में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र टेनी खीरी से भाजपा के उम्मीदवार हैं। कन्नौज से भाजपा के मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक, धौरहरा से रेखा वर्मा, उन्नाव से साक्षी महाराज, इटावा सु. से रामशंकर कठेरिया, अकबरपुर से देवेन्द्र सिंह भोले, हरदोई सु. से जय प्रकाश रावत, शाहजहांपुर सु. से अरुण कुमार सागर को चुनाव मैदान में उतारा गया है। इस तरह से इस चौथे चरण में भाजपा के कुल नौ सांसद चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें केंद्रीय गृह राज्यमंत्री भी चुनावी मैदान में हैं।

कन्नौज से अखिलेश यादव ठोक रहे हैं चुनावी ताल

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। बीजेपी ने इस सीट से एक बार फिर मौजूदा सांसद सुब्रत पाठक को टिकट दिया है। पिछले चुनाव में सुब्रत पाठक ने अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव को हराया था। अब देखना ये होगा कि इस सीट पर अखिलेश यादव जीत दर्ज कर पाते हैं या नहीं।

अजय मिश्रा टेनी की सीट पर पूरे देश की नजर

केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी तीसरी बार खीरी लोकसभा सीट से चुनावी मैदान में हैं। इस सीट पर पूरे देश की नजर है। किसान आंदोलन के दौरान टेनी के बेटे पर लखीमपुर में किसानों पर कार चढ़ाने का आरोप लगा है, जिसके चलते वह लंबे समय तक विवादों में बने रहे थे। इन विवादों के बावजूद भाजपा ने एक बार फिर से टेनी पर भरोसा जताया है। वहीं, यहां से सपा ने उत्कर्ष वर्मा ‘मधुर’ और बसपा ने अंशय कालरा को चुनावी मैदान में उतारा है।

उन्नाव से चुनावी मैदान में हैं साक्षी महाराज

उन्नाव लोकसभा सीट से मौजूदा सांसद साक्षी महराज काफी चर्चा में बने रहते हैं। बीजेपी ने उन्हें एक बार फिर से उन्नाव से टिकट दिया है। पिछले चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की थी। इस सीट से सपा- कांग्रेस गठबंधन की प्रत्याशी अनु टंडन हैं, जबकि बसपा ने यहां अशोक कुमार पांडेय को चुनावी मैदान में हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *