Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

अखिलेश का चैलेंज-योगी मथुरा में यमुना का आचमन करके दिखाएं:केजरीवाल के बचाव में उतरे

लखनऊ : सपा प्रमुख अखिलेश यादव दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के बचाव में उतर आए हैं। उन्होंने बिना नाम लिए सीएम योगी पर निशाना साधते हुए चैलेंज किया। उन्होंने कहा-दूसरों को चुनौती देने वाले अपने प्रदेश के अंदर मथुरा से गुजर रही यमुनाजी में आचमन करके दिखा दें।

अखिलेश यादव का यह बयान तब आया जब योगी ने एक दिन पहले केजरीवाल को चुनौती दी कि वे यमुना में स्नान करके दिखाएं। यही नहीं, अखिलेश ने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर भी यूपी सरकार को घेरा। कहा-अयोध्या में सिर्फ 10 % PDA अफसर हैं।

केजरीवाल बोले- मैं योगी जी सहमत हूं

सीएम योगी के दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर दिए गए बयान पर अरविंद केजरीवाल पलटवार किया। शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। केजरीवाल ने कहा- कल योगी जी ने मुद्दा उठाया कि दिल्ली की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। मैं उनकी बात से सहमत हूं। मैं योगी जी से कहना चाहता हूं कि दिल्ली की कानून व्यवस्था अमित शाह के अंडर में सीधे आती है।

योगी जी से कहूंगा कि अमित शाह जी को बैठाकर समझाएं, उनको गाइड करें कि गैंगस्टर को कैसे खत्म करें। दिल्ली के अंदर खुलेआम गैंगस्टर घूम रहे हैं। 11 गैंगस्टर के बड़े-बड़े ग्रुप हैं। व्यापारियों से फिरौती मांगी जा रही हैं। सड़कों पर गैंगवार हो रहा है। महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। पूरी दिल्ली दहशत में है। लोग डरे हुए हैं।

कल दिल्ली की चुनावी रैली में योगी ने क्या कहा था-

योगी ने कल दिल्ली में केजरीवाल पर हमला बोला था।

योगी ने कल दिल्ली में केजरीवाल पर हमला बोला था।

दिल्ली में चुनाव प्रचार के दौरान योगी ने कहा- कल आपने देखा कि मेरे साथ संगम में 54 मंत्रियों ने डुबकी लगाई। मैं पूछना चाहता हूं क्या अरविंद केजरीवाल यमुना जी में जाकर अपने मंत्रियों के साथ डुबकी लगा सकते हैं? अगर उनमें नैतिक साहस है, तो उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। यमुना मैया को एक गंदे नाले में बदलने का अपराध AAP ने किया है।

अखिलेश ने मिल्कीपुर में अफसरों की नियुक्ति पर भी निशाना साधा

अखिलेश ने कहा- अयोध्या में प्रशासनिक नियुक्तियों में PDA समाज की हिस्सेदारी केवल 20% के करीब है।

अखिलेश ने कहा- अयोध्या में प्रशासनिक नियुक्तियों में PDA समाज की हिस्सेदारी केवल 20% के करीब है।

इससे पहले अखिलेश यादव ने मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने अयोध्या में प्रशासनिक अफसरों की तैनाती को लेकर भी सोशल मीडिया के जरिए सवाल उठाया। उन्होंने एक ग्राफ के जरिए बताने की कोशिश की है कि अयोध्या में प्रशासनिक नियुक्तियों में PDA की हिस्सेदारी कम है।

उन्होंने लिखा है- भाजपा राज में पक्षपात की उल्टी गणित, जो PDA समाज संख्या में 90% हैं, अयोध्या में प्रशासनिक नियुक्तियों में उस PDA समाज की हिस्सेदारी केवल 20% के क़रीब है और जिनकी संख्या 10% है, उन प्रभुत्व वादियों को प्रशासनिक पदों पर 80% नियुक्तियां मिली हुई हैं। और कुछ नहीं कहना है।

इससे पहले अखिलेश यादव ने अयोध्या में पुलिस महकमे में अफसरों की तैनाती को लेकर सवाल उठाया था और इसी तरह का ग्राफ पेश किया था, जिस पर अयोध्या पुलिस ने खंडन जारी किया था।

अखिलेश यादव ने किया है आम आदमी के समर्थन का ऐलान

अखिलेश यादव दिल्ली के चुनाव में आम आदमी पार्टी के समर्थन का ऐलान पहले ही कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि जो प्रत्याशी या नेता उन्हें प्रचार के लिए दिल्ली बुलाएगा वे जरूर जाएंगे। अखिलेश यादव यह भी साफ कर चुके हैं कि आम आदमी पार्टी के समर्थन का यह मतलब नहीं है कि वह कांग्रेस के विरोध में हैं। हम भाजपा के विरोध में हैं। जहां भाजपा को हराने के लिए जो मजबूत नजर आएगा इंडिया गठबंधन उसका साथ देगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *