अयोध्या : अयोध्या में आज 10वां दीपोत्सव मनाया जा रहा है। सरयू नदी के किनारे 56 घाटों पर करीब 30 लाख दीये जलाए गए।
राम की पैड़ी और सरयू घाट पर लेजर शो से रामायण दिखाई गई। 2100 ड्रोन से विशेष शो किया गया। सरयू तट पर 2147 अर्चकों ने सरयू की महाआरती की। इसके बाद आतिशबाजी की गई।
इसके पहले अयोध्या में करीब 3 घंटे तक शोभा यात्रा निकाली गई। इसमें 21 झांकियां शामिल रहीं। इनमें रामायण के सात कांडों को दर्शाया गया था।
दीपोत्सव देखने के लिए मुंबई, गुजरात और बिहार सहित देशभर से लोग पहुंचे। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और सीएम योगी समेत कई मंत्री भी मौजूद रहे।
CM योगी बोले- हर साल दीपों की संख्या बढ़ी

सीएम योगी ने कहा- 2017 में यूपी की अर्थव्यवस्था जर्जर हालत में थी। कर्मचारियों को वेतन देने तक के लिए पैसा नहीं था। पिछली सरकारों के सिंडिकेट ने खजाने पर डकैती डालकर विदेशों में अपने लिए संपत्तियां खरीदी थीं।
पहले दीपोत्सव में महज 25 हजार दीप जलाए गए थे। जैसे-जैसे दीपों की संख्या बढ़ी, प्रदेश की समृद्धि भी बढ़ती गई। इस बार अयोध्या में 36 लाख दीप जल रहे हैं, जो प्रदेश की आर्थिक समृद्धि का भी प्रतीक है।
आतिशबाजी से जगमगाई अयोध्या

अयोध्या में दीपोत्सव के मौके पर आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा। रामनगरी में हो रही आतिशबाजी ने उत्सव का उल्लास और बढ़ा दिया। आसमान में छूटती रंग-बिरंगी रोशनी के बीच सरयू तट और राम की पैड़ी का नजारा देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में मौजूद लोग आतिशबाजी का आनंद ले रहे हैं।
विदेशियों ने भी दीपदान किया

शिकागो से अयोध्या आए पॉल और शेल्बे ने भी सरयू तट पर दीये जलाए। उन्होंने बताया कि अयोध्या की बहुत महिमा सुनी है। माता-पिता से रामनगरी के बारे में सुनकर अयोध्या आने का मन बनाया था। आज हमारी यह इच्छा पूरी हो गई।
उपराष्ट्रपति बोले- विदेशी आक्रांताओं ने भगवान राम का मंदिर तोड़ा
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा- विदेशी आक्रांताओं ने भगवान राम का मंदिर तोड़ दिया था। लेकिन, 500 साल बाद हमने उसका पुनर्निर्माण किया, क्योंकि हम सत्य में विश्वास रखते हैं।
भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज अयोध्या और उसके आसपास लाखों दीप जल रहे हैं। ये दीप संदेश दे रहे हैं कि उत्तर प्रदेश अब ‘उत्तम प्रदेश’ बन चुका है।
उपराष्ट्रपति बोले- योगी पर पूरा भरोसा, यूपी सभी राज्यों का नेतृत्व करेगा
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें सीएम योगी पर पूरा भरोसा है कि उत्तर प्रदेश सभी राज्यों का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि योगी असंभव को संभव बना देते हैं। इसके लिए उनकी पूरी टीम को बधाई देता हूं।
उपराष्ट्रपति ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। हम सभी मिलकर भारत को महाशक्ति बनाने में कामयाब होंगे। अंत में उन्होंने ‘जय श्रीराम’ और ‘जय हिंद’ के नारे के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।

