- दोनों बरेली में BOB में तैनात थे
बुलंदशहर : बुलंदशहर में बैंक के असिस्टेंट मैनेजर ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। शव होटल के एक कमरे में मिला। मृतक की पहचान अंकित गोयल के रूप में हुई है। परिवार का आरोप है कि अंकित को उसकी पत्नी मेघा दुबे प्रताड़ित कर रही थी। तलाक का दबाव बनाकर 20 लाख रुपए मांग रही थी। इससे वह परेशान थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि अंकित और मेघा ने 8 साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों बरेली में बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा में तैनात थे। अंकित के परिजनों ने कोतवाली में आरोपी पत्नी मेघा दुबे के खिलाफ तहरीर दी है।


ये मेघा और अंकित का वेडिंग कार्ड है। दोनों की शादी 18 अप्रैल, 2017 को मैनपुरी में हुई थी।
बरेली में 2016 में हुई थी दोनों की मुलाकात
असिस्टेंट बैंक मैनेजर की मां अनीता गोयल ने बताया- दोनों की मुलाकात बरेली की बैंक ऑफ बड़ौदा की ब्रांच में 2016 में हुई थी। मेघा के साथ शादी करने की जिद मेरे बेटे ने ही की थी। हम लोग बेटे की जिद के आगे क्या ही करते। 2017 में हमने बच्चों की खुशी के कारण दोनों की शादी मैनपुरी में कर दी।
शादी के कुछ दिन तक सबकुछ ठीक ठाक चला। 2020 के बाद मेघा मेरे बेटे से लड़ने झगड़ने लगी। वो मेरे बेटे को टॉर्चर करने लगी। उसका मैनपुरी के ही एक लड़के से अफेयर हो गया। जिस कारण वो मेरे बेटे को परेशान करने लगी। 2020 में दहेज का मुकदमा कर दिया। मैंने बहुत समझाया, लेकिन बहू नहीं मानी।

बेटे की शादी की तस्वीर अपने मोबाइल में दिखातीं मां अनीता।
रात को कॉल कर बोली थी- बरेली आ जाओ, डिवोर्स चाहिए
मां ने बताया- शुक्रवार एक अगस्त को मेरा बेटा छुट्टी लेकर घार आया था। तभी रात को बहू मेघा काल आया कि आप लोग बरेली आ जाओ। मुझे अंकित से डिवोर्स चाहिए। वो कहने लगी कि शादी में मेरे पिता ने 20 लाख रुपए खर्च किए थे, वो पैसे भी मुझे चाहिए। ये सुनते ही मेरा बेटा और परेशान हो गया। वो मेघा को मनाने का प्रयास कर रहा था।
बीती रात काम की बात कहकर घर से निकला था
मां के मुताबिक, बेटा मुझे काम की बात कहकर बीती रात को घर से निकला था। लेकिन उसके बाद उसका कॉल नहीं पिक हुआ। मुझे लगा हो सकता है बरेली चला गया हो लेकिन वो होटल चला गया। सुबह पुलिस का कॉल आया कि बेटे ने होटल में सल्फाश खाकर जान दे दी है। ये सुनते ही मेरी चीख निकल पड़ी। पुलिस ने बताया है कि बेटे के मोबाइल में लास्ट कॉल मेघा की ही मिली है। उसने ही मेरे बेटे को जान देने के लिए उकसाया है।

