Breaking
Tue. Mar 3rd, 2026

भाई की मौत के बाद छोटे भाई की शादी कैंसिल:6 साल का बेटा पूछ रहा- पापा कब आएंगे; SIR के काम से जाते समय ट्रक ने कुचला था

भरतपुर : भरतपुर के हलैना थाना इलाके में छोटे भाई की शादी से 4 दिन पहले पटवारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक सवार पटवारी को तेज रफ्तार केन्ट्रा (ट्रक) ने कुचल दिया।

हादसे के बाद परिजनों ने छोटे भाई की शादी कैंसिल कर दी है। वहीं जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मृतक का 6 साल का बेटा बार बार पूछ रहा है कि पिता कब आएंगे।

परिजनों का कहना है- पटवारी कुलदीप शर्मा पुत्र श्रमण शर्मा शुक्रवार की दोपहर करीब 2 बजे विशेष गहन पुनरीक्षण(SIR) के काम से जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया। वे सरसैना मोड़ से आगरा जयपुर नेशनल हाईवे पर चढ़े ही थे कि केन्ट्रा गाड़ी ने उन्हें चपेट में ले लिया, जिसमें उनकी मौत हो गई।

कुलदीप का बेटा घर के बाहर खेलता हुआ।

कुलदीप का बेटा घर के बाहर खेलता हुआ।

बड़े भाई की मौत के बाद छोटे भाई की शादी कैंसिल

कुलदीप के पिता श्रमण निवासी हलैना कस्बा ने बताया- मेरा बेटा राहीमगढ़ और गांगरौली में पटवारी के पद पर कार्यरत था। 25 नवंबर को मेरे छोटे बेटे सोनू शर्मा की शादी थी। हम सभी उसकी शादी के तैयारियों में लगे हुए थे। मैरिज गार्डन पर व्यवस्थाओं को देख रहे थे। कुलदीप का एक 5 साल का बेटा है। उसकी मौत के बाद सब कुछ खत्म हो गया। अब कोई शादी नहीं है। हमारे शादी वाले घर में मातम छा गया है। मेरा बड़ा बेटा चला गया, और मैं कुछ भी नहीं कर पा रहा हूं।

SIR के काम जा रहा था पटवारी

श्रमण शर्मा ने बताया- शुक्रवार को कुलदीप के एक्सीडेंट की सूचना फोन पर मिली। जब मैं घटनास्थल पर पहुंचा तो, देखा कि कुलदीप का गला कटा हुआ था। उसकी आंखें निकली हुई थी। वह SIR के काम से जा रहा था। रास्ते में किसी गाड़ी ने उसका एक्सीडेंट कर दिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद सड़क पर पड़ी हुई कुलदीप की बाइक।

घटना के बाद सड़क पर पड़ी हुई कुलदीप की बाइक।

दूसरी बाइक को केन्ट्रा ने 100 मीटर तक घसीटा

उन्होंने बताया कि शुक्रवार को कुलदीप और सोनू नाम का युवक दोनों अलग-अलग बाइक से सरसैना मोड़ से आगरा- जयपुर नेशनल हाईवे पर चढ़े थे। भरतपुर से जयपुर की तरफ एक केन्ट्रा जा रहा था। तभी केन्ट्रा ने पहले कुलदीप और बाद में सोनू की बाइक को टक्कर मारी।

कुलदीप की बाइक में टक्कर लगते ही कुलदीप सड़क पर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही सोनू की बाइक में टक्कर लगी, तभी सोनू भी सड़क पर गिर गया, लेकिन उसकी बाइक केन्ट्रा के नीचे फंस गई। केन्ट्रा का ड्राइवर बाइक को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना के बाद ड्राइवर केन्ट्रा को छोड़कर मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *