Breaking
Sat. Feb 14th, 2026

फाइनल में टीम इंडिया से हुई बड़ी गलती, पाकिस्तान बना एशिया कप चैंपियन, ये खिलाड़ी रहा हार का विलेन

  • अंडर 19 एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को हराकर खिताब जीत लिया है

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : अंडर-19 एशिया कप 2025 के खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा। रविवार को खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 347 रन का स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज समीर मिन्हास ने 113 गेंदों में 17 चौके और 9 छक्कों की मदद से 172 रन बनाए। इसके अलावा अहमद हुसैन ने 56 रन की पारी खेली। 348 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और वह 24 ओवर में ही 131 रन पर ढेर हो गई।

इससे पहले टीम इंडिया के कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान को हमजा जहूर और समीर मिन्हास ने तेज शुरुआत दिलाई। हालांकि 18 रन के स्कोर पर हमजा आउट हो गए। इसके बाद समीर मिन्हास को उस्मान खान का साथ मिल गया और दोनों ने टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। उस्मान खान 45 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अहमद हुसैन ने समीर मिन्हास का साथ दिया और दोनों ने मिलकर पाकिस्तान को 250 रन के पार पहुंचा दिया। अहमद ने अपना अर्धशतक पूरा किया, हालांकि 260 रन के स्कोर पर वह आउट हो गए। उन्होंने 72 गेंदों में 56 रन बनाए।

दूसरी ओर समीर मिन्हास ने अपना शतक पूरा किया। 43वें ओवर में समीर 172 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 17 चौके और 9 छक्के शामिल थे। इसके बाद पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सका और जो टीम एक समय 400 रन के पार जाती हुई दिखाई दे रही थी, वह 347 रन पर ही रुक गई।

नहीं चला सूर्यवंशी का बल्ला

348 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और पूरे टूर्नामेंट में फ्लॉप रहने वाले कप्तान आयुष म्हात्रे इस मुकाबले में भी सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गए। 14 साल की उम्र में अपने क्रिकेट टैलेंट से दुनिया को हैरान करने वाले वैभव सूर्यवंशी 10 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने एक चौका और तीन छक्के लगाए। इसके बाद आरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, विधान त्रिवेदी और अभिज्ञान कुंडू भी सस्ते में पवेलियन लौट गए। आलम यह रहा कि भारत का कोई भी बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े को नहीं छू सका और भारतीय टीम सिर्फ 131 रन पर ढेर हो गई।

हार का सबसे बड़ा विलेन

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले आयुष म्हात्रे को अंडर-19 टीम का कप्तान बनाया गया था और उम्मीद थी कि वह एशिया कप की ट्रॉफी लेकर लौटेंगे। हालांकि इस टूर्नामेंट में आयुष पूरी तरह फ्लॉप रहे। वह पूरे टूर्नामेंट में 100 रन भी नहीं बना सके। भारत के लिए सबसे ज्यादा रन अभिज्ञान कुंडू (263) ने बनाए। इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 235 और एरोन जॉर्ज ने 212 रन बनाए। दूसरी ओर फाइनल में 172 रन की पारी खेलने वाले समीर मिन्हास ने चार पारियों में 299 रन बनाए और उनका औसत 149 का रहा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *