नई दिल्ली : भाजपा के नितिन नबीन कुछ देर में पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यभार संभालेंगे। पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भाजपा कार्यालय पहुंच गए हैं।
आज सुबह नवीन दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर गए और माथा टेका। 45 साल के नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उनसे पहले अमित शाह 49 साल की उम्र में पार्टी के नेशनल प्रेसिडेंट चुने गए थे।
भाजपा मुख्यालय में सोमवार को अध्यक्ष पद के चुनाव हुए थे। किसी और उम्मीदवार का नामांकन न आने से नबीन निर्विरोध चुने गए। नितिन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

मंगलवार सुबह नितिन नबीन अपने घर से सिक्योरिटी के साथ निकले।

मजिंदर सिंह सिरसा और बाकी नेताओं के साथ गुरुद्वारा बंगला साहिब गए।

नितिन भगवान वाल्मीकि मंदिर गए, जहां दर्शन के बाद उन्हें सम्मानित किया गया।

झंडेवालान मंदिर में दर्शन करने पहुंचे नितिन, पुजारी ने उन्हें चुनरी ओढ़ाई।

कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर दर्शन करने गए नितिन नबीन।

भाजपा मुख्यालय के बाहर सुबह से ही कलाकारों की प्रस्तुतियां चल रही हैं।
जेपी नड्डा ने कहा- नितिन पार्टी को आगे ले जाएंगे
जेपी नड्डा ने कहा, ‘मैं नितिन जी को शुभकामनाएं देता हूं। अटल जी, कुशाभाऊ की परंपरा को आगे बढ़ाने उन्हें 12वां अध्यक्ष बनाया गया है। नितिन जी बहुत ही छोटी उम्र में 5 बार विधायक रह चुके हैं। आपने सारे देश को समझा है। ऐसे नौजवान अध्यक्ष के रूप में आपने कार्यभार संभाला है। आपको बधाई। आप पार्टी को तेज गति से आगे ले जाएंगे। इसके लिए शुभकामनाएं देता हूं। मैं सभी को धन्यवाद देता हूं क्योंकि आप सभी ने पार्टी को चलाने के लिए मेरे साथ मिलकर काम किया। मुझे ताकत दी। जमीनी स्तर पर जो सहयोग उसका धन्यवाद।’
नितिन नबीन भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित


नितिन नबीन भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित। चुनाव अधिकारी ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। पीएम मोदी ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, नितिन नबीन से मिले
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह 11:30 बजे भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उनका स्वागत भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन और केंद्रीय मंत्री और भाजपा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया। नबीन आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने वाले हैं।
केंद्र सरकार ने नितिन नबीन को Z-कैटेगरी की सुरक्षा दी
BJP के प्रेसिडेंट नितिन नबीन को केंद्र सरकार ने Z-कैटेगरी की सुरक्षा दे दी है। यह ऐलान मंगलवार सुबह उनके कार्यभार संभालने के पहले किया गया। जेपी नड्डा को भी सरकार से इसी तरह का सुरक्षा कवर मिला था, जिसमें CRPF VIP सुरक्षा विंग व्यवस्था संभाल रही थी। केंद्रीय सुरक्षा सूची के तहत VIP सुरक्षा कवर सबसे ऊंचे Z-प्लस (ASL) से लेकर Z-प्लस, Z, Y, Y-प्लस और X कैटेगरी तक होता है।
नितिन की पत्नी बोलीं- हीरे की परख जौहरी को ही
नितिन की पत्नी दीपमाला श्रीवास्तव ने कहा- केंद्रीय नेतृत्व को पहचान है कि कौन व्यक्ति काम करने में सक्षम, हीरे की परख जौहरी को ही होती है। पार्टी ने हीरा चुनकर निकाल लिया। पार्टी के लिए नितिन ने दिन रात मेहनत की। उनकी मेहनत का फल उन्हें मिल गया।

