Breaking
Sun. Feb 15th, 2026

दावा- बांग्लादेश हटा तो PAK भी टी-20 वर्ल्डकप नहीं खेलेगा:PCB ने तैयारियां रोकीं; ICC ने कहा था– बांग्लादेश को भारत में ही खेलना होगा

दैनिक उजाला, स्पोर्ट्स डेस्क : टी-20 वर्ल्ड कप में अगर बांग्लादेश को हटाया जाता है, तो पाकिस्तान भी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लेगा। यह दावा- पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के सूत्रों के हवाले से किया है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि PCB ने टूर्नामेंट की तैयारियां भी रोक दी हैं। टीम मैनेजमेंट को सब्सटिट्यूट प्लान बनाने को कहा है। ताकि अगर पाकिस्तान टूर्नामेंट में भाग न लेने का फैसला करता है, तो स्थिति संभाली जा सके। हालांकि, PCB या ICC ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

बांग्लादेश में हो रही हिंदुओं की हत्याओं के बाद BCCI के कहने पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी पेसर मुस्तफिजुर रहमान IPL 2026 से रिलीज कर दिया था। इससे नाराज BCB अपने मैच भारत से बाहर कराने की मांग करने लगा।

BCB की ग्रुप बदलने की मांग खारिज

क्रिकेट वेबसाइट क्रिकइंफो ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को 21 जनवरी तक यह तय करने को कहा है कि उसकी टीम वर्ल्ड कप खेलेगी या नहीं। ICC ने इस मामले पर कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया है।

17 जनवरी को ढाका में एक बैठक में ICC ने BCB की ग्रुप बदलने की मांग खारिज कर दी। ICC ने BCB को यह भरोसा भी दिलाया कि बांग्लादेश टीम को कोई खास सुरक्षा खतरा नहीं है। बांग्लादेश बोर्ड ने कहा था कि उसे ग्रुप-C की जगह दूसरे ग्रुप-B में शामिल किया जाए। बोर्ड का तर्क था कि ऐसा होने पर बांग्लादेश को अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलने होंगे, इससे यात्रा और सुरक्षा से जुड़ी दिक्कतें कम होंगी।

मुस्तफिजुर को IPL से बाहर करने पर विवाद

BCCI के निर्देश पर KKR ने 3 जनवरी को मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया था इससे बौखलाई बांग्लादेश सरकार ने अपने यहां IPL मैचों के प्रसारण पर रोक लगा दी। इसके बाद खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देकर 7 फरवरी से होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप में वेन्यू बदलने की मांग भी की।

7 फरवरी को बांग्लादेश का पहला मैच

टी-20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को ग्रुप-सी में रखा गया है। टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज, 9 फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड से भिड़ने वाली हैं। तीनों मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जाने हैं। वहीं टीम का आखिरी ग्रुप स्टेज मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल से होना है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *