मथुरा : बांके बिहारी मंदिर के प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए दूसरी रजिस्ट्री पूरी की गई। मथुरा के रहने वाले मनीश मिश्रा ने सुगम दर्शन के लिए बनने वाले कॉरिडोर के लिए 322.32 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण और जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह मौजूद रहे। इससे पहले यति गोस्वामी ने अपनी भूमि की रजिस्ट्री कराई थी।
मनीश मिश्रा, निवासी मकान संख्या 25-ए, बिहारीपुरा, वृंदावन, मथुरा द्वारा यह भूमि तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी (देवता) के नाम निष्पादित की गई। भूमि का क्रय मूल्य ₹1,85,36,704/- (एक करोड़ पच्चासी लाख छत्तीस हजार सात सौ चार रुपए) है।
कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि बांके बिहारी मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं का विकास ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन क्षेत्र की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि मंदिर के आसपास जनसुविधाओं के विकास और निर्माण के लिए भूमि खरीद की सभी कार्यवाहियां पूरी पारदर्शिता और विधिक प्रक्रिया के अनुरूप की जा रही हैं। परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
यह रजिस्ट्री बांके बिहारी मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे भविष्य में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

मनीश मिश्रा ने सुगम दर्शन के लिए बनने जा रहे कॉरिडोर के लिए 322.32 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा किया
धार्मिक पर्यटन से बढ़ेगा रोजगार
DM ने बताया कि बांके बिहारी मंदिर के आस पास भव्य और दिव्य जनसुविधाओं के विकास की दिशा में दूसरी रजिस्ट्री एक और ठोस कदम है। जनसुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिलेगी। उच्चतम न्यायालय के आदेश पर गठित हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं को सुदृढ़ व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतन प्रयासरत है।
इस परियोजना से न केवल दर्शन सरल होंगे, बल्कि समूचे ब्रज क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के निर्माण, विकास कार्य वृंदावन की प्राचीन दिव्यता को बनाए रखते हुए आधुनिक जरूरतों को पूरा करेगा।
इस भव्य निर्माण से ब्रज की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान मिलेगी और ठाकुर जी के भक्तों के लिए दर्शन की राह आसान हो जाएगी।
मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं का विकास, निर्माण में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वातावरण, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और सुगम प्रवेश- निकासी द्वार बनाए जाएंगे, जिससे संकरी गलियों में होने वाली भीड़ का दबाव कम होगा। मंदिर के आस-पास जनसुविधाओं के विकास,निर्माण से धार्मिक पर्यटन बढ़ेगा तथा अधिकाधिक रोजगार का सृजन होगा।

322.32 वर्ग मीटर भूमि का बैनामा तहसीलदार सदर के माध्यम से ठाकुर श्री बांके बिहारी जी (देवता) के नाम निष्पादित किया गया
80 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर मिलेगा मुआवजा
DM चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि जो भूमि स्वामी अपनी भूमि कॉरिडोर में देंगे उनको 80 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर मुआवजा दिया जायेगा वहीं दुकान का बैनामा करने पर एक लाख 80 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर मुआवजा मिलेगा।
इसके साथ ही जिनकी दुकान जाएंगी उनको प्राथमिकता के आधार पर कॉरिडोर में दुकान दी जाएगी इसके अलावा जिनके मकान जायेंगे उनको चैतन्य बिहार और सुनरख बांगर में फ्लैट दिया जायेगा।

