दैनिक उजाला, बलदेव/मथुरा : प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बलदेव स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर गर्भगृह में पूजा-अर्चना की और भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि भगवान के दरबार में पहुंचकर सुकून और शांति मिलती है। यहां दर्शन कर उन्हें बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि ब्रज क्षेत्र का विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और सरकार इसके लिए सदैव तत्पर है।
इस दौरान भाजपा नेता एवं विधानसभा संयोजक मेरुकांत पांडेय, बलदेव विकास समिति के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय और सेवायत चंद्रप्रकाश पांडेय ने मंत्री को बलदेव क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बलदेव में रोडवेज बसों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने मथुरा-सादाबाद मार्ग पर छह रोडवेज बसें चलवाने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके। रोडवेज बसों के अभाव में यात्रियों और श्रद्धालुओं को मजबूरी में डग्गेमार वाहनों से सफर करना पड़ता है, जिससे उन्हें असुविधा होती है। उन्होंने क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए बस सेवा उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके साथ ही बलदेव के धार्मिक एवं तीर्थस्थल के महत्व को देखते हुए आवश्यक विकास कार्य कराने पर जोर दिया, जिससे क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि बलदेव धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है, इसलिए यहां बुनियादी सुविधाओं का विकास आवश्यक है।
मंत्री को बलदेव क्षेत्र में बार-बार होने वाली बिजली कटौती की समस्या से भी अवगत कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बिजली की अव्यवस्था के कारण आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने विद्युत व्यवस्था में सुधार कराने और क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग रखी।
इस अवसर पर एक्सईएन मांट ब्रांच गंगनहर यूके सोनकर, प्रबंधक केपी सिंह तोमर, गोविंद त्रिपाठी, सीपी पांडेय, देवेंद्र पांडेय, मुकेश पांडेय और प्रशांत पांडेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

