वाराणसी : शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने 2 नहीं, 20 बच्चों का यौन शोषण किया है। उनके शिविर में नाबालिग बच्चों का यौन शोषण होता है। उनके पास आय से अधिक संपत्ति भी है। – आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज, 10 फरवरी, 2026
कोर्ट को हमने साक्ष्य दिए हैं। हमारे खिलाफ ग्रुप बनाकर आरोप लग रहे हैं। काकटेल जैसा प्रहार हो रहा है। – अविमुक्तेश्वरानंद, शंकराचार्य, 11 फरवरी, 2026
जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के शिविर में बच्चों के यौन शौषण होने का आरोप लगाया। इसके बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- ऐसे आरोप लगा दिए गए हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल होता है।
आशुतोष ब्रह्मचारी ने 8 फरवरी को प्रयागराज की स्पेशल पॉक्सो कोर्ट में वाद (शिकायत) दायर किया। कहा- गुरुकुल की आड़ में शंकराचार्य बाल उत्पीड़न करते हैं। अपने आरोपों की पुष्टि के लिए आशुतोष ब्रह्मचारी ने 2 बच्चों को भी पेश किया।
कोर्ट के नोटिस पर अविमुक्तेश्वरानंद के वकील ने 10 फरवरी को जवाब दाखिल किया। इसके बाद उल्टा आशुतोष महाराज पर गंभीर आरोप लगाए। अब 20 फरवरी को दोनों पक्षों के वकील कोर्ट में पेश होंगे।
शंकराचार्य कहते हैं देखिए, जब से हमने गौ माता की रक्षा के लिए आवाज उठानी शुरू की है, तब से सरकार और कुछ लोगों को यह पसंद नहीं आ रहा है। पहले हमें अपमानित किया गया, हमारे लोगों को धमकाया गया, मारपीट की गई। जब उससे भी बात नहीं बनी, तब अत्यंत घिनौने आरोप लगाए गए हैं। ऐसे आरोप जिनकी कल्पना भी सभ्य समाज नहीं कर सकता, लेकिन सत्य को आंच नहीं आती। हमने कोर्ट में सारे साक्ष्य दिए हैं।
पॉक्सो एक्ट की धारा 22 के तहत अगर कोई विद्वेषपूर्ण भावना से झूठा आरोप लगाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। कोर्ट ने हमारे प्रमाण स्वीकार कर लिए हैं। संबंधित व्यक्ति को 20 तारीख को जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया है। हमें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है।

