गोवर्धन, मथुरा : बरसाना स्थित राधा बल्लभ मंदिर के पुजारी मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा का उपचार के दौरान निधन हो गया। रविवार सुबह उन पर अज्ञात हमलावरों ने हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने गांव के दो लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे की है। पुजारी मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा शृंगार आरती करने के बाद मंदिर परिसर स्थित अपने कमरे की ओर जा रहे थे। तभी अज्ञात हमलावरों ने चाकू से उनके गले और पेट पर वार कर दिया।
लगभग 10:30 बजे जब कुछ श्रद्धालु पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने पुजारी को खून से लथपथ पाया। ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल केडी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गांव के दो संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, लेकिन उनमें कोई संदिग्ध गतिविधि दर्ज नहीं हुई है।
पुजारी मोहन दास उर्फ गूंगा बाबा के गुरु वैष्णव दास ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी ग्रामीण सुरेशचंद रावत ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश करने के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं।

