- वाराणसी जिले में मंगलवार की सुबह दर्दनाक हादसा हुआ, यहां लहरतारा में सिलिंडर ब्लास्ट होने से एक मकान गिर गया, इस घटना में दो लोगों की जान चली गई
वाराणसी जिले के मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा निजी बस अड्डे के पास मंगलवार की सुबह मकान में गैस सिलिंडर ब्लास्ट से भाई और बहन की मौत हो गई। ब्लास्ट से गिरे मकान के मलबे में दबकर परिवार के बुजुर्ग समेत चार सदस्य घायल हो गए। मौके पर वरुणा जोन की पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड ने छानबीन की है। सभी घायलों को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार ओम कुमार चौधरी (30) और प्रीति (27) की मौत हो गई। जबकि परिवार के अमन चौधरी (31), बुजुर्ग गिरजा देवी (60) घायल हैं। मलबा हटाने की प्रक्रिया में नगर निगम की टीम जुटी हुई है। फायर ब्रिगेड और फॉरेंसिक टीम, बम निरोधक दस्ता छानबीन कर रही है।

लहरतारा में मंगलवार की सुबह अचानक धमाके की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। बाहर निकलकर लोगों ने देखा तो एक मकान ध्वस्त हो गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सिलिंडर ब्लास्ट होने से मकान गिर गया। जिसमें चार लोग दब गए। मकान का मलबा हटाने के लिए मौके पर जेसीबी बुलाई गई। वहीं बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।

आनन-फानन रेस्क्यू कर सभी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में अमन चौधरी (31) और बुजुर्ग महिला गिरजा देवी (60) हैं।

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पुलिस व अन्य टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। दो मौत से मौके पर कोहराम मचा है।

गैस सिलिंडर में रिसाव से हुआ ब्लास्ट
घटना की जानकारी मिलने पर एडीसीपी वरुणा नीतू कात्यायन, एडीएम आलोक वर्मा व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एडीसीपी नीतू कात्यायन ने बताया कि घटना की जानकारी पर पहुंचे तो पता चला कि एक महिला गिरजा देवी अपने तीन बच्चों के साथ जर्जर मकान में रहती थीं।
मंगलवार की सुबह खाना बना रही थीं, इसी दौरान गैस सिलिंडर में रिसाव के चलते ब्लास्ट हुआ। जिससे मकान गिर गया और इसमें तीनों बच्चों समेत गिरजा देवी दब गईं।
आनन-फानन स्थानीय लोगों की मदद से सभी को निकाला गया और बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। इलाज के दौरान भाई- बहन की मौत हो गई। जबकि दो लोगों की इलाज चल रहा है।

