अशोकनगर : अशोकनगर में पत्नी से गैंगरेप के मामले में जिला अदालत ने पति और उसके ममेरे भाई को 20-20 साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोनों पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया।
दरअसल, 22-23 अक्टूबर 2025 की रात आनंद शर्मा ने अपनी पत्नी की इच्छा के विरुद्ध उसका रेप किया। उसने अपने ममेरे भाई रविशंकर तिवारी को भी इसमें शामिल किया।
महिला ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। घटना कचनार थाना क्षेत्र की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था। कोर्ट ने इसी मामले में दोनों को दोषी पाते हुए सजा सुनाई है।
मारपीट के लिए 6 महीने की अतिरिक्त सजा
जांच के दौरान पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। उसका मेडिकल कराया। घटनास्थल से सबूत जुटाए। आरोपियों के मोबाइल भी जब्त किए। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया।
अदालत ने गवाहों के बयान, दस्तावेज, मेडिकल और वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद आनंद शर्मा निवासी ग्राम सावन और रविशंकर तिवारी निवासी ग्राम करैयाहाट, जिला विदिशा को दोषी ठहराया।
दोनों पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना भी
कोर्ट ने दोनों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1) के तहत 20-20 साल के सश्रम कारावास और 25-25 हजार रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। धारा 115(2) और 3(5) के तहत 6-6 महीने का अतिरिक्त सश्रम कारावास और एक-एक हजार रुपए जुर्माना भी लगाया। जुर्माना जमा नहीं करने पर दोनों को अतिरिक्त जेल की सजा भुगतनी होगी।

