लखनऊ/वाराणसी/बरेली : यूपी में अगले 5 दिन मौसम बिगड़ा रहेगा। आज पश्चिमी यूपी में बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है- गुरुवार को बरेली, आगरा, मथुरा समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी। दिन में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। 50 की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के असर से मौसम में बदलाव होगा। पिछले हफ्ते शुरू हुआ आंधी-बारिश का दौर मार्च के अंत तक जारी रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश होगी। कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं। आंधी भी चलेगी।
हालांकि, पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। इससे तापमान में 5°C तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रयागराज सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 35.6°C रहा। सबसे कम तापमान बिजनौर में 14.5°C रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। आज से पश्चिमी यूपी में बूंदाबांदी की शुरुआत होगी। धीरे-धीरे इसका असर पूर्वी यूपी तक पहुंचेगा। 29 मार्च को दूसरा विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होगी। 40-50 की रफ्तार से हवा चलेगी। तापमान में 4°C से 5°C की गिरावट आएगी। ठंड का एहसास होगा।

आजमगढ़ में मौसम साफ है। सुबह से तेज धूप निकली है।

बरेली में तेज धूप खिली है। आसमान में हल्के बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने दिन में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।

वाराणसी में मौसम साफ है। तेज धूप के बीच तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम?
31 मार्च – पश्चिमी यूपी में बौछारें पड़ेंगी। पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश हो सकती है। 30-40 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी।
27 मार्च – पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर ओले भी गिरेंगे।
28 मार्च – पश्चिमी और पूर्वी यूपी के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहेगा। कुछ इलाकों में बौछारें पड़ सकती हैं।
29 मार्च – पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी आशंका है।
30 मार्च – पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। कुछ जगहों पर तेज बारिश भी हो सकती है। आंधी भी चल सकती है।

तस्वीर गाजियाबाद की है। सुबह से ही तेज धूप है। पारा 35 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
- गाजियाबाद: सुबह से धूप खिली है। हवा 11 किलोमीटर प्रति घंटा से चल रही है। अगले 24 घंटे में फिर से बादल रहने और मौसम बदलने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि दिन में हल्की बारिश हो सकती है।
- मेरठ: सुबह से ही मौसम साफ है। तेज धूप निकली है। तापमान फिर से 35 डिग्री तक पहुंच गया है। AQI का स्तर भी फिर से बढ़ने लगा है।
- आगरा: सुबह से हल्की धूप निकली हुई है। मौसम विभाग ने आज बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया है। दोपहर बाद बादल छा सकते हैं। बूंदाबांदी हो सकती है।

यह तस्वीर लखनऊ के मल्हौर स्टेशन के पास ही है। सुबह से धूप खिली है।
मौसम में उतार-चढ़ाव क्यों?
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। अगले 2 से 3 दिन बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। इसका सीधा असर यूपी में दिखेगा। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं ठंड का एहसास कराएंगी।

