- आंध्र प्रदेश में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, पुलिस ने जानकारी दी है कि हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बस और एक लॉरी में भिड़ंत हो गई, जिसकी वजह से बस में आग लगी
मार्कपुरम : आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में स्लैब खदानों के पास एक निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से टक्कर हो गई, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
मार्कपुरम डीएसपी हर्षवर्धन राजू ने हादसे के बारे में बताते हुए कहा कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस जगित्याला से कालिगिरी जा रही थी। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और वह पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।
कई यात्री जिंदा जले, घायल अस्पताल में भर्ती
डीएसपी राजू के अनुसार, आशंका है कि इस घटना में कई यात्री जिंदा जल गए हैं। उन्होंने बताया कि यह हादसा गुरुवार की सुबह हुआ। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि भीषण टक्कर की वजह से ही बस में आग लग गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, शवों की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।
सीएम नायडू ने जताया हादसे पर दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना में बस में सवार कई यात्रियों के जलकर मर जाने पर शोक जताया। उन्होंने अधिकारियों से बात की और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज देने और घटना की जांच के लिए निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हरिकृष्णा ट्रैवल्स की एक बस तेलंगाना राज्य के निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। सीएन नायडू ने अधिकारियों को हादसे के कारणों की व्यापक जांच करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये की मदद देने की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुए भीषण बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये व घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना को अत्यंत दुखद बताया है। उन्होंने एक्स पर कहा कि आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को पचास हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, आग को बुझाया।

आग के चलते बस पूरी तरह से राख हो गई।

यह विजुअल घटना के तुरंत बाद का है। बस की आग बुझा दी गई लेकिन डंपर में आग लगी रही थी।

बस में आग लगने के बाद डंपर ने भी आग पकड़ ली। ड्राइवर अस्पताल में भर्ती है।

अधिकारियों ने बताया कि डंपर में गिट्टी लदी हुई थी। बस और डंपर में आमने-सामने टक्कर हुई।

