- नीट पेपर लीक को लेकर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबसे ज्यादा पेपर लीक उन्हीं राज्यों में हुए, जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है
नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी ने पेपर लीक होने के बाद नीट की परीक्षा रद्द होने पर केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर हमला बोला है। नीट पेपर लीक को लेकर बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सबसे ज्यादा पेपर लीक उन्हीं राज्यों में हुए, जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार है।
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘ मैं देश के जेन जी से सीधे बात करने आया हूं। मेरी बात ध्यान से सुनना। 2017, 2021, 2024 में पेपर लीक हुए थे। उस समय सीबीआई को जांच सौंप दी गई। क्या सीबीआई ने कुछ किया? इस बार भी सीबीआई को जांच सौंपी गई है। क्या सीबीआई कुछ करेगी? सीबीआई उन्हीं लोगों को रिपोर्ट करती है जो देश में पेपर लीक करा रहे हैं।’
केजरीवाल ने कहा, ‘जब से मोदी सरकार आई है तब से कुल 93 पेपर लीक हुए हैं। करीब 6 करोड़ युवाओं का भविष्य इन पेपरों में बंद था। इससे शक तो पैदा होता है। क्या इनके नेता पेपर लीक करा रहे हैं? अगर नेपाल और बांग्लादेश के जेन-जी सरकार बदल सकते है तो क्या हमारे देश के जेन-जी पेपर लीक करने वाले मंत्रियों को जेल नहीं भेज सकता है। अगर पेपर लीक रोकना है तो हमारी जेन जी को आंदोलन करना होगा।’
युवाओं को सड़कों पर उतरना होगा: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘वर्षों से नीट के पेपर लीक हो रहे हैं और हम सिर्फ सिस्टम को कोसकर आगे बढ़ जाते हैं। लेकिन सिस्टम अपने आप नहीं चलता, उसके पीछे लोग बैठे हैं। उन्हें पहचानना होगा, पकड़ना होगा और जेल भेजना होगा। इसके लिए युवाओं को सड़कों पर उतरना होगा।’

