Breaking
Sat. Sep 26th, 2026

विदेशी युवती बनी हिमाचल की बहू:मिस्त्री के बेटे ने यूरोप में रचाई शादी, मंडी के विश्वजीत होटल में शेफ; नवंबर में लौटेंगे घर

मंडी, (हिमाचल प्रदेश) : हिमाचल के 26 वर्षीय युवक विश्वजीत सिंह ने यूरोपीय देश एस्टोनिया की 24 वर्षीय युवती ननरा से शादी रचाई है। यह अनोखा विवाह इन दिनों मंडी जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। शादी 21 जून को एस्टोनिया के टारटू शहर में संपन्न हुई। विश्वजीत मंडी जिले के कोटली उपमंडल की कोट पंचायत के तरेहड़ गांव के निवासी हैं।

विश्वजीत सिंह एक सामान्य परिवार से आते हैं। उनके पिता हुकम चंद मिस्त्री का कार्य करते हैं, जबकि माता दया देवी गृहिणी हैं। विश्वजीत ने चंडीगढ़ से होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया था। वर्ष 2021 में वह अपने मामा तारा चंद के साथ वर्किंग वीजा पर एस्टोनिया चले गए थे।

वर्तमान में विश्वजीत एस्टोनिया के एक बड़े रिसॉर्ट में मास्टर शेफ के पद पर कार्यरत हैं। ननरा भी इसी रिसॉर्ट में काम करती हैं। साथ काम करने के दौरान दोनों की दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। कई वर्षों तक एक-दूसरे को जानने-समझने के बाद उन्होंने विवाह करने का फैसला लिया।

नवंबर में आएंगे पैतृक गांव

विश्वजीत की मौसी भिंतरा देवी ने बताया कि दंपती नवंबर में अपने पैतृक गांव तरेहड़ पहुंचेंगे, जहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। इस शादी की खबर सामने आने के बाद पूरे तुंगल क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

पंचायत में पहली बार आई विदेशी बहू

कोट पंचायत के प्रधान धर्मपाल ने बताया कि पंचायत के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी स्थानीय युवक ने विदेशी युवती से विवाह किया है। उन्होंने विश्वजीत और ननरा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *