अयोध्या : अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपों से घिरे पूर्व महासचिव चंपत राय ने मंगलवार को श्रीरामचरितमानस की चौपाई लिखकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने X अकाउंट पर लिखा- ‘धीरज धर्म मित्र अरु नारी, आपद काल परिखिअहिं चारी’। मतलब- धैर्य, धर्म, मित्र और पत्नी इन चारों की वास्तविक परीक्षा संकट के समय ही होती है।
चंपत राय ने राम भक्तों के नाम हाथों से लिखा लेटर भी जारी किया। इसमें लिखा- राम मंदिर में दानपात्र की गणना के समय की गई चोरी को लेकर मेरे ऊपर अनर्गल आरोप लगाए गए हैं, मैंने मौन धारण कर लिया है।
सोमवार को ट्रस्ट की बैठक में SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट पेश की गई, जो अब सार्वजनिक हो चुकी है। जबकि रिपोर्ट परम गोपनीय थी। आप सभी को भरोसा देता हूं कि SIT की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद मैं अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों और दुष्प्रचार का तथ्यात्मक जवाब दूंगा। सच्चाई सबके सामने आ जाएगी।
चंपत राय ने यह भी लिखा कि उन्हें अक्टूबर 1991 में संगठन ने अयोध्या भेजा था। मेरा करीब 45 सालों का सार्वजनिक जीवन खुली किताब की तरह है।
चंपत राय ने 26 जून को महासचिव पद से इस्तीफा दिया था, 6 जुलाई को उसे ट्रस्ट की बैठक में स्वीकार कर लिया गया है। चंपत राय इस समय अयोध्या में ही हैं।

गोविंद देव गिरि बोले- चंपत राय निर्दोष हैं
राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद पर मंगलवार को ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने खुलकर अपनी बात रखी। कहा- मैं जब ये कहता हूं कि वे (चंपत राय) निर्दोष हैं, तो मेरा मतलब है कि इस पूरे कांड के साथ उनका कोई चारित्रिक संबंध नहीं हो सकता। लेकिन वे खुद सावधान नहीं रहे।
उन्होंने एक अपराधी को अपना ड्राइवर रखा था। उसके पास चाबियां थीं। सब कुछ वही कंट्रोल करता था। उनके ड्राइवर ने ही यह सब किया। मुझे आशंका है कि ड्राइवर बाहरी लोगों से जुड़ा था। यह सब CEO नहीं होने की वजह से हुआ। इसलिए हम एक CEO लाएंगे। दूसरी ओर, ट्रस्ट के नए महासचिव कृष्ण मोहन दास ने आज कामकाज संभाल लिया।
वहीं, फैजाबाद एंटी करप्शन कोर्ट ने पुलिस को तीन आरोपियों करुणेश पांडेय, अनुकल्प मिश्र और लवकुश की 1 दिन की रिमांड दी है। पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी थी। अब पुलिस बुधवार सुबह तीनों को जेल से पूछताछ के लिए लेकर आएगी।
इधर, चंपत राय राम मंदिर के निकट रामकोट स्थित तीर्थ क्षेत्र पुरम में एकांतवास कर रहे हैं। वह बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच रह रहे हैं। विहिप और अन्य सहयोगी संगठनों से जुड़े लोगों को भी चंपत राय से मिलने के लिए इजाजत लेनी पड़ रही है।
उधर, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा- BJP-RSS ने करोड़ों लोगों की भावनाओं को भयंकर ठेस पहुंचाई है। बताया जा रहा है कि इन्हें चढ़ावा चोरी की जानकारी बहुत पहले से थी, लेकिन इसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। बातों को दबा दिया गया।

राम मंदिर ट्रस्ट ने 4 सोने-चांदी की वस्तुएं दिखाईं, इनकी चोरी का दावा किया गया था।

