Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

हिमाचल में बादल फटने से तबाही:4 घर- 3 गौशालाएं क्षतिग्रस्त, घरों में घुसा मलबा, प्रशासन घटनास्थल को रवाना; चंबा-ठियोग में स्कूल बंद

शिमला : हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के शाहपुर की बोह घाटी में आज (मंगलवार को) दोपहर के वक्त बादल फटने से भारी तबाही हुई। धारकंडी क्षेत्र के सपेड़ा, घड़घु व आसपास के इलाकों में तेज बारिश के बाद अचानक आए फ्लैश फ्लड से चार मकान और तीन गौशालाएं पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि 4 घरों में मलबा घुस गया। फ्लैश फ्लड में 5 से ज्यादा पालतू मवेशी भी बह गए।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना हुईं, लेकिन डिब्बा और मानेड नाला क्षेत्र में भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से राहत कार्य प्रभावित हुआ। कांगड़ा जिला में भारी बारिश से कई सड़कें बंद हैं। बिजली और पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है।

स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया मौके पर पहुंचकर प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।

राज्य के अन्य भागों में भी लैंडस्लाइड से सड़कें व रास्ते बंद है। मंडी जिला में कोटली-धर्मपुर सड़क पर लैंडस्लाइड। सड़क बंद होने से सड़क के दोनों ओर गाड़ियां फंस गई। चंबा को नूरपुर से जोड़ने वाली लाहडू-नूरपुर सड़क पर भी सड़क धंस गई।

शाहपुर की बोह घाटी में बादल फटने से क्षतिग्रस्त मकान।

शाहपुर की बोह घाटी में बादल फटने से क्षतिग्रस्त मकान।

ठियोग-चंबा में स्कूल-कॉलेज बंद

वहीं चंबा जिला और ठियोग में मूसलाधार बारिश के बाद प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों में आज छुट्टी घोषित की। मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिला के शिक्षण संस्थान पहले ही बंद है। बीती रात में पालमपुर में सबसे ज्यादा 136.4 मिमी, सिरमौर के ददाहू में 105.6 मिमी, पांवटा का साहिब 79.8 मिमी और धर्मशाला 75.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

चंबा को नूरपुर से जोड़ने वाली लाहडू-नूरपुर सड़क पर लैंडस्लाइड।

चंबा को नूरपुर से जोड़ने वाली लाहडू-नूरपुर सड़क पर लैंडस्लाइड।

आज इन जिलों में रेड अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कल सुबह 8 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के कुछ स्थानों के लिए अत्यधिक बारिश का रेड अलर्ट जारी कर रखा है। इस बीच, IMD दिल्ली ने भी कल सुबह 5:30 बजे तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, शिमला, सोलन, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के लिए फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है।

IMD ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण भूस्खलन, जलभराव और नदियों-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

मंडी जिला में कोटली-धर्मपुर सड़क पर लैंडस्लाइड। सड़क बंद होने से सड़क के दोनों ओर गाड़ियां फंसी।

मंडी जिला में कोटली-धर्मपुर सड़क पर लैंडस्लाइड। सड़क बंद होने से सड़क के दोनों ओर गाड़ियां फंसी।

कल 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

कल यानी 22 जुलाई को भी मौसम खराब बना रहेगा। ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट दिया गया है, जबकि बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, सोलन और शिमला में मध्यम से तेज बारिश का पूर्वानुमान है।

23 जुलाई से कुछ जिलों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर पड़ेगा, लेकिन राज्य के कुछ भागों में तेज बारिश जारी रहेगी। हमीरपुर, शिमला, कांगड़ा और मंडी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

24 जुलाई को इन जिलों में बारिश के आसार

24 जुलाई को हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार- 25 जुलाई तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रहेगा और बारिश का दौर जारी रहेगा।

बारिश के बाद तापमान में गिरावट

राज्य में बीते दो दिन से हो रही बारिश के बाद कई शहरों के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों का पारा सामान्य से 6 डिग्री तक नीचे गिरा है। चंबा का पारा नॉर्मल से 5.6 डिग्री नीचे गिरने के बाद 28.4 डिग्री सेल्सियस रह गया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *