Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

रक्षाबंधन : दर्दनाक हादसा, जयपुर में गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत; भीड़ देखती रही, पिता ने निकाले शव

  • जयपुर में बारिश के पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से 2 मासूम भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई

राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। यहां एक निर्माणाधीन मकान की नींव के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से 11 वर्षीय एक बच्ची और उसके 7 साल के भाई की मौत हो गई। घटना जयपुर के जयसिंहपुरा खोर थाना इलाके के सड़वा मोड़ स्थित दरियावाली गली की है।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि 11 वर्षीय आलिया और उसका भाई मोहम्मद अयान (7) खेलने के लिए घर से निकले थे और जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र में अपने घर के पास स्थित निर्माणाधीन मकान पर पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि बुधवार को जेसीबी की मदद से भूखंड पर कई गड्ढे खोदे गए थे। भारी बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर गया था और खेलते समय दोनों बच्चे पानी से भरे एक गड्ढे में गिर गए। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति ने बच्चों को देखा और शोर मचाया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

पिता ने निकाले दोनों मासूमों के शव

दोपहर करीब 2 बजे जब बच्चों के पिता लियाकत हुसैन काम पर जा रहे थे, तब उन्होंने वहां लोगों की भीड़ देखी। पानी में बच्चों की चप्पलें तैरती देख उन्होंने पड़ोसियों की मदद से दोनों बच्चों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत घटनास्थल की तरफ दौड़े। परिजनों ने बच्चों को CPR देकर बचाने की कोशिश की और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम SMS अस्पताल में कराया गया और बाद में उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।

2 मासूम बच्चों की मौत के बाद परिवार में मातम

पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला है। पिता लियाकत जयपुर में रहकर मजदूरी का काम करते हैं। 2 मासूम बच्चों की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने आरोप लगाया कि निर्माणाधीन मकान की नींव के गड्ढे में बार-बार पानी भर रहा था, इसके बावजूद इसे सुरक्षित करने या पानी निकालने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *