वाराणसी/लखनऊ/कानपुर/आगरा/चित्रकूट : यूपी में लगातार बारिश से नदियां उफान पर हैं। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में बाढ़ आ गई। करीब 26 फीट का उफान है। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह जलमग्न हैं। घाट किनारे बने मंदिर और दुकानें डूब चुकी हैं।
हनुमान धारा पर बना 300 फीट लंबा पुल बाढ़ में टूटकर बह गया। सड़कों पर नावें चल रही हैं। नयागांव राजमहल के अंदर तक पानी पहुंच गया है। रेलवे ट्रैकों पर पानी भर गया। एसडीआरएफ की टीमें लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं।
सती अनुसूइया आश्रम की रेलिंग और आसपास के घरों का सामान बह गया। सरकार ने 2 हेलिकॉप्टर मदद के लिए भेजे हैं। वहीं, झांसी-प्रयागराज हाईवे को वाहनों के लिए बंद कर दिया है। बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस तैनात कर दी गई है। प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। लगातार बारिश और मध्यप्रदेश के बरगी डैम से पानी छोड़े जाने की वजह से चित्रकूट में हालत बिगड़ गए हैं।
इधर, प्रयागराज में गंगा-यमुना का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। गंगा पर बने बक्शी बांध के पास एक ट्रक नदी में गिर गया। नेपाल में मची तबाही के बाद कुशीनगर की नारायणी नदी में शव बहकर आने का सिलसिला जारी है। शनिवार 2 और शव बरामद हुए। पुलिस और SDRF की टीम ने शवों को बाहर निकाला। इससे पहले गुरुवार को 6 शव बरामद हुए थे।
इधर, शनिवार को लखनऊ, वाराणसी, कानपुर समेत 20 शहरों में बारिश हुई। लखनऊ में दोपहर में अंधेरा छा गया और बादलों की गड़गड़ाहट के बीच तेज बारिश हुई। मौसम विभाग (IMD) ने आज 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
…

चित्रकूट घाट पूरी तरह मंदाकिनी नदी के पानी में डूब चुका है।

घाट की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर झरने की तरह पानी बह रहा है।

मंदाकिनी नदी पर बना बड़ा पुल तेज बहाव में बह गया है।

चित्रकूट में गृहस्थी का सामान भी पानी में बहता दिखाई दिया।

प्रयागराज में जॉर्ज टाउन स्थित स्वामी नारायण मंदिर का एक हिस्सा बारिश के बीच ढह गया।

भारी बारिश के बीच कानपुर में एक जर्जर मकान भरभराकर गिर पड़ा। हालांकि, उस समय कोई सदस्य घर में नहीं था।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया-

मध्य प्रदेश-राजस्थान और दक्षिणी यूपी के ऊपर मानूसनी सिस्टम आगे बढ़ गया है। इससे बारिश की गतिविधियों में 2-3 दिन यानी 31 अगस्त तक कमी आएगी। इसके बाद नए विक्षोभ के असर से सितंबर के पहले सप्ताह में फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा।
गोंडा में बारिश में किराने की दुकान ढही, 3 लोग मलबे में दबे

गोंडा के गौराचौकी मार्ग पर शनिवार शाम करीब 5 बजे बारिश के दौरान एक किराने की दुकान की छत ढह गई। हादसे के समय दुकान के आसपास मौजूद 3 लोग मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में दुकान मालिक आसिफ और मजदूर बेचू गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को परिजन बस्ती के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आगरा में नदी में बहीं 18 भैंसें
आगरा के थाना किरावली क्षेत्र में शनिवार शाम 4 बजे गांव चेकोरा के पास खारी नदी में अचानक आए तेज बहाव में 18 भैंसें बह गईं। पानी की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि जानवरों को संभलने और किनारे की तरफ भागने तक का मौका नहीं मिला। दरअसल, ग्रामीण अपने पशुओं को चराने के लिए खारी नदी के पास गए थे। तभी अचानक नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई और पानी का बहाव तेज हो गया। इस तेज बहाव की चपेट में आकर कमल की 12 भैंसें और वीरेंद्र की 6 भैंसें गहरे पानी में समा गईं।
संभल में जलभराव, 150 से ज्यादा मकानों के सामने पानी भरा

शनिवार शाम 5 बजे से हुई बारिश के बाद संभल के दीपा सराय मोहल्ले में पानी भर गया। अंजुमन तिराहे से दीपा सराय पुलिस चौकी चौक तक सड़क पर पानी भरा है। इससे 150 से अधिक मकानों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल है, जबकि बच्चे स्कूल-कॉलेज जाने के लिए दूसरे रास्तों का सहारा ले रहे हैं।
चित्रकूट में बारिश

मंदाकिनी नदी में बाढ़ की वजह से पूरे शहर में पानी घुस गया है।

चित्रकूट में घरों में पानी घुस गया है। लोग छतों पर बैठे हैं।

चित्रकूट में रेस्क्यू के लिए 2 हेलिकॉप्टर पहुंचे।

बाढ़ में रामघाट का बड़ा पुल बह गया।

बांध फूटने की वजह से इलाके में तेजी से पानी बढ़ रहा।

सती अनसुइया में पानी रेलिंग तक पहुंच गया है। सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आ गई है।

