- शनिवार की सुबह आठ बजे से जिले के 195 प्रत्याशियों की किस्मत का बंद पिटारा स्थानीय तहसील स्तर के आसपास बने मतगणना केंद्रों पर देर रात तक सभी चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे
मथुरा : यही रात अंतिम, यही रात भारी, बस एक रात की कहानी है सारी..। वाकई शुक्रवार की रात मथुरा जिले की 15 निकायों के प्रत्याशियों के प्रत्याशा की अंतिम रात है। शनिवार की सुबह आठ बजे से 195 प्रत्याशियों की किस्मत का बंद पिटारा स्थानीय तहसील स्तर के आसपास बने मतगणना केंद्रों पर देर रात तक सभी चुनाव परिणाम घोषित हो जाएंगे। इसके साथ ही नगर निकायों के अगले पांच साल का भविष्य तय हो जाएगा।
दरअसल मथुरा जिले की सभी 15 नगर निकाय में नगर निगम मथुरा वृंदावन में 181 मतदान केंद्र, फरह नगर पंचायत में 2 मतदान केंद्र, गोवर्धन में 12 मतदान केंद्र, सौंख नपं में 3 मतदान केंद्र, राधाकुंड नपं में 5 मतदान केंद्र, बरसाना नपं में 12 मतदान केंद्र, चौमुहां में 5 मतदान केंद्र, नंदगांव में 3 मतदान केंद्र, कोसीकलां में 15 मतदान केंद्र, छाता में 9 मतदान केंद्र, बाजना में 3 मतदान केंद्र, राया में 6 मतदान केंद्र, गोकुल में 5 मतदान केंद्र, महावन में 3 मतदान केंद्र और बल्देव में 3 मतदान केंद्र स्थल थे। यानि पूरे जिले में 268 मतदान केंद्र और 892 मतदेय स्थलों पर 4 मई को वोट डाले गए।
प्रत्याशियों ने अपनी जीत के लिए जमकर पसीना बहाया, चुनाव जीतने के सारे तरीके पर काम किया। यहां की सभी पंचायतों में कुल 955651 मतदाता में 517198 पुरुष और 416453 महिला मतदाता हैं। संपन्न मतदान में महिलाओं ने फिर अपनी सक्रिय भागीदारी दिखाई थी। अब जब वोटरों ने वोटों की बारिश की तो नतीजे का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इसका नतीजा है कि प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार का दिन जीत और हार के बहस बीच बीता। प्रत्याशियों के साथ समर्थक भी इस बहस का हिस्सा बने रहे। आम मतदाता भी खुद को इससे वंचित नहीं रख पाते हैं, लिहाजा हर घर में चुनाव परिणाम की ही चर्चा होती रही। घर-घर होती यह चर्चा शाम के समय गांव के चौक-चौराहे पर पहुंचती है। यहां से इसकी जीत पक्की तो वहां भितरघात के कारण फलां हार रहे हैं। फलां अगर कुछ दिन और पहले मैदान में आ जाते तो उनकी जीत को कोई काट नहीं सकता था। अपने कार्यकाल में वे इतने ही सक्रिय रहते और लोगों से मिलते-जुलते रहते तो उन्हें कौन हराने वाला था।
चुनाव विश्लेषक इसी तरह की चर्चाओं से चुनाव परिणाम की घोषणा कर परिणाम घोषित होने तक चर्चा में बने रहते हैं। शुक्रवार की यह रात प्रत्याशियों के लिए क़यामत से कम नहीं होगी। निसंदेह यह रात खासकर प्रत्याशी और उनके समर्थकों के लिए भारी होगी।
यहां होगी मतों की गणना
नगर निगम और फरह नगर पंचायत की कृषि उत्पादन मंडी समिति, छाता के सरस्वती विद्या मंदिर में कोसीकलां, छाता, चौमुहां, नंदगाव की, मांट ब्रज आदर्श इंटर कॉलेज में बाजना और राया की, महावन के ऋषिकुल इंटरनेशनल स्कूल में गोकुल, बलदेव, महावन और गोवर्धन मंडी समिति में सौंख, राधाकुंड, बरसाना, गोवर्धन नगर पंचायत के मतों की गणना होगी।

