दैनिक उजाला, बिज़नेस डेस्क : इस साल अगस्त में सोने के आयात में भारी-भरकम गिरावट दर्ज की गई। भारत सरकार द्वारा सीमा शुल्क यानी कस्टम ड्यूटी में जबरदस्त बढ़ोतरी की वजह से सोने के आयात में गिरावट दर्ज की गई है। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से ये जानकारी मिली है। आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में सोने का आयात 57.75 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2.3 अरब डॉलर रह गया।

सोने के आयात में भारी गिरावट के चलते देश का व्यापार घाटा भी घटकर 5 महीने के निचले स्तर 26.86 अरब डॉलर पर आ गया। हालांकि, इस दौरान चांदी के आयात में 127 प्रतिशत की बंपर तेजी देखने को मिली। अगस्त 2026 में भारत का चांदी का आयात 127 प्रतिशत बढ़कर 1.02 अरब डॉलर हो गया।

भारत सरकार ने 13 मई से कीमती धातुओं पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधे 15 प्रतिशत कर दिया है। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल-अगस्त के दौरान सोने का आयात 3.38 प्रतिशत बढ़कर 17.47 अरब डॉलर हो गया, जबकि चांदी का आयात 8.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.74 अरब डॉलर रहा।

अगस्त में भारत ने सबसे ज्यादा स्विट्जरलैंड से सोने का आयात किया और ये गोल्ड इंपोर्ट का सबसे बड़ा स्रोत रहा। अगस्त में भारत के कुल गोल्ड इंपोर्ट में स्विट्जरलैंड की हिस्सेदारी करीब 40 प्रतिशत रही। इसके बाद, भारत ने कुल गोल्ड इंपोर्ट का 16 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से मंगवाया और दक्षिण अफ्रीका करीब 10 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ तीसरे स्थान पर रहा। देश के कुल आयात में सोने की हिस्सेदारी 5 प्रतिशत से ज्यादा रही। अगस्त में स्विट्जरलैंड से कुल आयात 45.4 प्रतिशत घटकर 1.28 अरब डॉलर रह गया।

बताते चलें कि अगस्त 2026 में भारत का वस्तु निर्यात अगस्त में सालाना आधार पर 26.12 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 43.81 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक्स, इंजीनियरिंग और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात में मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके साथ ही, अगस्त में देश का आयात भी 14.1 प्रतिशत बढ़कर 70.76 अरब डॉलर रहा। इस दौरान कच्चे तेल, परियोजना वस्तुओं, इलेक्ट्रॉनिक सामान, चांदी तथा कोयला और कोक के आयात में बढ़ोतरी हुई।

