वाराणसी : वाराणसी में सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को काल भैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद सरोजा पैलेस, पिपलानी कटरा में आयोजित समारोह में सफाईकर्मियों का सम्मान किया।
सीएम योगी ने सफाईकर्मियों को न्यूनतम 16 हजार रुपए मानदेय देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर कोई उनका पैसा काटेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सफाईकर्मियों को PF, सुरक्षा बीमा और इलाज की सुविधा भी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने सफाईकर्मियों के काम की सराहना करते हुए कहा कि वे लोगों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए मेहनत करते हैं। उनके सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है।

सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया।

योगी ने काल भैरव मंदिर में आरती उतारी।

सीएम योगी आदित्यानथ ने सफाईकर्मियों का सम्मान किया।
योगी बोले- माफिया की जमीन पर गरीबों के लिए बनेंगी बिल्डिंगें
सीएम योगी ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि अब माफिया नहीं, उनकी जगह मिट्टी में है। माफिया से खाली कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए बड़ी-बड़ी बिल्डिंगें बनाई जाएंगी।
इलाज का खर्च उठाने की होगी व्यवस्था
सीएम ने कहा कि सफाईकर्मियों को अस्पताल और इलाज की सुविधा मिलनी चाहिए। ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि वे अपने इलाज और दवा का खर्च उठा सकें। सफाईकर्मी सुबह लोगों के उठने से पहले ही शहर को साफ करने में जुट जाते हैं। उनके परिश्रम से लोगों को स्वच्छ वातावरण मिलता है।
योगी बोले- मानदेय काटा तो होगी कड़ी कार्रवाई
सीएम योगी ने कहा कि सफाईकर्मियों को उनके काम का पूरा मानदेय मिलना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति उनका पैसा काटेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब उत्तर प्रदेश आउटसोर्स कॉर्पोरेशन सफाईकर्मियों के लिए काम कर रहा है। सफाईकर्मियों के लिए 16 हजार रुपए न्यूनतम मानदेय देने की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सफाईकर्मियों को PF की सुविधा मिलेगी। PF में जमा रकम पर बैंक की ओर से हर महीने ब्याज मिलेगा। इसके साथ ही उन्हें सुरक्षा बीमा का कवर भी दिया जाएगा। किसी सफाईकर्मी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी।
सफाईकर्मी अपने परिश्रम से लोगों को शुद्ध वातावरण देते हैं
सीएम योगी ने कहा कि जब लोग सोकर नहीं उठते, तब हमारे सफाईकर्मी सफाई में जुट जाते हैं। वे अपने पुरुषार्थ और परिश्रम से लोगों को स्वच्छ वातावरण देते हैं। उनके काम का समाज में महत्वपूर्ण योगदान है। सीएम योगी ने कहा कि यह चारों दिशाओं में चलने वाला अभियान है।
इसका उद्देश्य लोगों में जागरूकता फैलाना है। मारपीट से किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। समस्याओं का हल संवाद से ही निकलेगा। सीएम योगी ने कहा कि नगर निगम, विकास प्राधिकरण और शासन के विभिन्न विभाग इस अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। काम
एयर शो की तैयारियों को लेकर सीएम योगी ने की समीक्षा
बुधवार रात सीएम योगी आदित्यनाथ ने सर्किट हाउस सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे और एयर शो के आयोजन को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन का ब्लूप्रिंट मांगा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि आयोजन के दौरान आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में वायुसेना के अधिकारी भी मौजूद थे।

नमो घाट पर स्थलीय निरीक्षण कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
नमो घाट पर स्थलीय निरीक्षण में जाना अपडेट
समीक्षा बैठक से पहले मुख्यमंत्री नमो घाट पहुंचकर प्रस्तावित एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया। नमो घाट पर स्थलीय निरीक्षण कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली, निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त, जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने परियोजना के मानचित्र के माध्यम से प्रस्तावित व्यवस्थाओं और आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी ,सीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान नमो घाट के साथ गंगा के अन्य प्रमुख घाटों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को एयर शो आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम के अंतिम दिन, 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों का शामिल होना प्रस्तावित है।

